scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअदाणी ने सेबी आदेश पर कहा, फर्जी रिपोर्ट का उपयोग कर झूठी खबरें फैलाने वाले माफी मांगें

अदाणी ने सेबी आदेश पर कहा, फर्जी रिपोर्ट का उपयोग कर झूठी खबरें फैलाने वाले माफी मांगें

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) सेबी की क्लीन चिट से उत्साहित उद्योगपति गौतम अदाणी ने बृहस्पतिवार को कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च की ‘धोखाधड़ी वाली और गलत इरादे से लायी गयी’ रिपोर्ट का इस्तेमाल कर झूठी खबरें फैलाने वालों को देश से माफी मांगनी चाहिए।

अदाणी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘समूह हमेशा से कहता रहा है कि हिंडनबर्ग के दावे निराधार थे। सेबी की क्लीन चिट ने उस बात की पुष्टि की है।’’

बाजार नियामक सेबी ने बृहस्पतिवार को हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों को खारिज करते हुए उद्योगपति गौतम अदाणी और उनकी अगुवाई वाले समूह को क्लीन चिट दे दी।

सेबी ने कहा कि उसे हिंडनबर्ग के आरोपों में ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला कि समूह ने अपनी सूचीबद्ध कंपनियों में पैसा भेजने के लिए संबंधित पक्षों का उपयोग किया हो।

अदाणी समूह के चेयरमैन ने कहा, ‘‘एक विस्तृत जांच के बाद, सेबी ने उस बात की पुष्टि की है जो हम हमेशा से कहते आए हैं कि हिंडनबर्ग के दावे निराधार थे। पारदर्शिता और ईमानदारी हमेशा से अदाणी समूह की पहचान रही है।’’

हिंडनबर्ग ने जनवरी, 2023 में रिपोर्ट जारी कर अदाणी पर धन की हेराफेरी करने समेत अन्य आरोप लगाए थे। उसके बाद समूह की सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई थी।

अदाणी ने कहा, ‘‘हम उन निवेशकों का दर्द गहराई से महसूस करते हैं जिन्होंने इस धोखाधड़ी और गलत इरादे से पेश रिपोर्ट के कारण पैसा गंवाया। जो लोग झूठी बातें फैलाते हैं, उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘भारत की संस्थाओं, भारत के लोगों और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर अंत में लिखा है, ‘‘सत्यमेव जयते! जय हिंद।’’

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments