चंडीगढ़, 19 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कोयंबटूर से देश भर के किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी की। इसके तहत हरियाणा के 15.82 लाख किसानों के खातों में 316.38 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए।
प्रधानमंत्री ने कोयंबटूर से देश भर के नौ करोड़ किसानों को सहायता देने के लिए पीएम-किसान की 21वीं किस्त के तहत 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की।
यह योजना प्रत्येक पात्र किसान परिवार को 6,000 रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता प्रदान करती है, जो प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रारूप के माध्यम से किसानों के आधार से जुड़े बैंक खातों में 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में दी जाती है।
हरियाणा के पलवल ज़िले में एक राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसी तरह के कार्यक्रम हरियाणा के सभी जिलों में आयोजित किए गए, जिनमें कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।
राज्य के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अकेले पलवल जिले के 74,299 किसानों के बैंक खातों में 14.86 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि इस 21वीं किस्त के साथ, अब तक पीएम-किसान योजना के तहत हरियाणा के किसानों को कुल 7,233.74 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
पलवल में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, सैनी ने किसानों से पारंपरिक खेती से आगे बढ़ने, मूल्यवर्धित फसलों पर ध्यान केंद्रित करने, कृषि प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने और कृषि-पर्यटन एवं ब्रांडिंग को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
