scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशगुजरात के नवसारी में 3.4 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं

गुजरात के नवसारी में 3.4 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं

Text Size:

अहमदाबाद, दो अप्रैल (भाषा) दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले में बृहस्पतिवार सुबह 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने यह जानकारी दी।

गांधीनगर स्थित इस संस्थान ने बताया कि भूकंप सुबह पांच बजकर 27 मिनट पर आया और इसका केंद्र वांसदा से 22 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में स्थित था।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी के हताहत होने की कोई खबर है।

गुजरात भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है तथा गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले 200 वर्षों में यहां नौ बड़े भूकंप आ चुके हैं।

जीएसडीएमए के अनुसार, 2001 का कच्छ भूकंप पिछली दो शताब्दियों में भारत में आया तीसरा सबसे बड़ा और दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था।

गुजरात के कच्छ जिले के भाचाऊ के पास 26 जनवरी 2001 को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसने पूरे राज्य को प्रभावित किया। इस भूकंप में 13,800 लोगों की जान चली गई और 1.67 लाख लोग घायल हो गए।

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments