scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशगर्मी और लू के चलते झारखंड में आठवीं तक के विद्यालय अब 21 जून तक बंद रहेंगे

गर्मी और लू के चलते झारखंड में आठवीं तक के विद्यालय अब 21 जून तक बंद रहेंगे

Text Size:

रांची, 18 जून (भाषा) झारखंड के विभिन्न हिस्सों में जारी तेज गर्मी एवं लू के चलते आठवीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों को अब बुधवार तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं जबकि कक्षा नौ से बारहवीं तक सुबह सात से ग्यारह बजे तक कक्षाएं चलेंगी। पहले कक्षा आठ तक विद्यालयों को 17 जून तक बंद रखने के आदेश दिए गए थे।

राज्य के विद्यालयीय शिक्षा एवं साक्षरता सचिव के. रवि कुमार ने आज जारी नए निर्देश में सभी सहायता प्राप्त एवं गैर सहायता प्राप्त विद्यालयों को 21 जून तक कक्षा आठ तक की कक्षाएं बंद रखने के आदेश दिए हैं। नए आदेश में कक्षा नौ से बारहवीं तक विद्यालयों को सुबह सात बजे से ग्यारह बजे तक सामान्य संचालन की छूट दी गई है।

इस बीच, राज्य के मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान 41 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा और पूरे राज्य में कम से कम दो दिन तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

मौसम विभाग, रांची के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल राज्य में कम से कम 20 जून तक गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में मानसूनी वर्षा अगले दो से तीन दिन में कभी भी शुरू हो सकती है।

भाषा इन्दु दिलीप नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments