नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने अवैध व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर करीब 13,000 ई-सिगरेट जब्त की हैं, जिनकी कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
भारत में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और सभी तरह की इलेक्ट्रॉनिक निकोटीन प्रणाली (ईएनडीएस) पर प्रतिबंध है।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में डीआरआई ने महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के विभिन्न बंदरगाहों, हवाई अड्डों और अंतर्देशीय कंटेनर डिपो (आईसीडी) से करीब 3.55 लाख ई-सिगरेट जब्त की हैं, जिनकी कीमत 135 करोड़ रुपये से अधिक है।
वहीं, एक अन्य कार्रवाई के तहत डीआरआई अधिकारियों ने कोलकाता हवाई अड्डे पर विदेशी मुद्रा की भारत से बाहर तस्करी की कोशिश नाकाम कर दी। इस दौरान 3.5 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की गई और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने छह नवंबर की सुबह बैंकॉक जा रहे सात यात्रियों को रोका और यात्रियों तथा उनके सामान की तलाशी ली गई। इस दौरान अमेरिकी डॉलर और ब्रिटिश पाउंड समेत अलग-अलग विदेशी मुद्राएं बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत 3.12 करोड़ रुपये बताई गई।
भाषा
जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.