scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमदेशधामी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों कोश्यारी, रावत से भेंट की

धामी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों कोश्यारी, रावत से भेंट की

Text Size:

देहरादून, 30 जनवरी (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्रियों भगत सिंह कोश्यारी और हरीश रावत से मुलाकात की।

धामी ने कोश्यारी से यहां उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर भेंट की तथा उन्हें प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान हेतु चयनित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन में किए गए दीर्घकालिक, समर्पित एवं राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान का उचित सम्मान है।

उन्होंने कहा कि कोश्यारी ने उत्तराखंड आंदोलन से लेकर राज्य के गठन, प्रशासनिक नेतृत्व और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक प्रत्येक भूमिका में प्रदेश और देश को सुदृढ़ दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन जनसेवा, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है।

धामी ने कहा कि पद्म भूषण सम्मान से न केवल उत्तराखंड, बल्कि संपूर्ण देश गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने ईश्वर से कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने डिफेंस कॉलोनी में ही रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत से भी भेंट की तथा उनकी कुशलक्षेम जानी।

धामी ने रावत को एक आत्मीय प्रतीक के रूप में अपने खेत में उत्पादित चावल भी भेंट किए और कहा कि यह भेंट उत्तराखंड की कृषि परंपरा, किसानों की मेहनत और स्थानीय उत्पादों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

रावत ने धामी के इस स्नेहिल व्यवहार एवं आत्मीय भेंट के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भेंट राजनीतिक परंपराओं में आपसी सम्मान, सद्भाव और शिष्टाचार का एक सुन्दर उदाहरण है।

भाषा दीप्ति अमित

अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments