scorecardresearch
शुक्रवार, 25 अप्रैल, 2025
होमदेशदुनिया भर में तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद, भारत प्रगति कर रहा है : राजनाथ सिंह

दुनिया भर में तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद, भारत प्रगति कर रहा है : राजनाथ सिंह

Text Size:

जयपुर, 21 अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत एक राष्ट्र के रूप में सभी तरफ से सुरक्षित है और दुनिया भर में अनिश्चितताओं के बावजूद देश प्रगति कर रहा है।

राजस्थान के सिरोही जिले में ब्रह्माकुमारीज में एक कार्यक्रम में मंत्री ने देश की प्रगति के लिए पूरी लगन से सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों को श्रेय दिया।

सिंह ने कहा, ‘‘आज युद्ध की परिभाषाएं बदल रही हैं। अब युद्ध साइबर, अंतरिक्ष, सूचना और मनोवैज्ञानिक मोर्चों पर लड़े जा रहे हैं। मैं अपने बहादुर सैनिकों को सलाम करता हूं, जिनकी वजह से हम चैन की सांस ले पा रहे हैं।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश की सुरक्षा के लिए एक सैनिक को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘एक सैनिक के लिए शारीरिक शक्ति बहुत महत्वपूर्ण होती है। एक सैनिक को कठिन वातावरण में रहना पड़ता है। उसे विभिन्न प्रकार के उपकरणों को संभालना पड़ता है। इसलिए हमारे सशस्त्र बलों के प्रशिक्षण में भी बड़े पैमाने पर शारीरिक शक्ति पर अधिक ध्यान दिया जाता है।’’

हालांकि, उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि एक सैनिक के लिए केवल शारीरिक शक्ति ही सब कुछ है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक सैनिक अपने परिवार, गांव और समाज से दूर रहता है। इसके अलावा, उन्हें हिमालय की ऊंचाइयों, समुद्र की गहराई, रेतीले मैदानों और घने जंगलों में रहना पड़ता है। इन सभी कठिनाइयों का सामना केवल शारीरिक शक्ति के आधार पर नहीं किया जा सकता।’’

मंत्री ने कहा कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि तनाव, अनिश्चितता और कठिन परिस्थितियों में लंबे समय तक काम करने के कारण सैनिकों का मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है।

उन्होंने योग, ध्यान और अध्यात्म की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि बाहरी दुनिया पर विजय पाने से पहले अपने भीतर के डर को हराना जरूरी है।

उन्होंने कहा, ‘‘योग हमें अपने भीतर झांकने और खुद के बारे में जानने का एक बेहतरीन अवसर देता है।’’

भाषा कुंज खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments