रायपुर, 15 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार ने युद्ध और सैन्य कार्रवाई में शहीद होने वाले राज्य के सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सैनिक कल्याण विभाग की छठवीं राज्य सैनिक समिति की बैठक सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि बैठक में सैनिकों के कल्याण के संबंध में कई फैसले लिये गए।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में युद्ध और सैन्य कार्रवाई में शहीद सैनिकों की पत्नी अथवा उनके आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि करते हुए इसे 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही युद्ध और सैन्य कार्रवाई में विभिन्न वीरता अलंकरण प्राप्त जवानों को दी जाने वाली राशि में भी वृद्धि की गई। उन्होंने बताया कि अब परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को 40 लाख रुपये की जगह एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा, ”हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर करते हैं। हम उनके शौर्य और बलिदान को नमन करते हैं। सरकार भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।”
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में शहीदों की वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों, उनकी पत्नी एवं उनके आश्रितों के लिए राज्य द्वारा संचालित कई कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई।
साय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ”140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा में हमारे वीर जवान दिन-रात तत्पर रहते हैं। भारत मां की सेवा में अपना जीवन अर्पित करने वाले इन वीर सपूतों का कल्याण करना सबका दायित्व और कर्तव्य है। आज की बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, उनकी पत्नी और उनके परिजनों के हित में सार्थक चर्चा हुई है। बैठक में लिए गए निर्णयों का लाभ भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों तक सीधे पहुंचेगा। भूतपूर्व सैनिकों की बेहतरी के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी सदस्यों द्वारा दिए गए हैं, जिन पर सकारात्मक रूप से विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा।”
अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान भूतपूर्व सैनिकों, उकनी पत्नी एवं उनके आश्रितों के हित में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिए गए। उन्होंने बताया कि इनमें युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में शहीद (बैटल कैजुअल्टी) सैनिकों की पत्नी अथवा आश्रितों को अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करना, विभिन्न शौर्य अलंकरण प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली राशि में वृद्धि करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि अब परमवीर चक्र प्राप्तकर्ता सैनिक को 40 लाख की जगह एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार सैनिकों के माता-पिता को दी जाने वाली जंगी इनाम राशि पांच हजार रुपये प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है। उन्होंने बताया कि युद्ध तथा सैन्य कार्रवाई में दिव्यांग हुए सैनिकों की अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने बताया कि साथ ही सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनकी पत्नी को प्रथम भूमि/गृह क्रय करने पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मुख्यमंत्री को बालवृक्ष भेंट किया। उन्होंने बताया कि बाद में सैनिक कल्याण संचालनालय छत्तीसगढ़ के संचालक और राज्य सैनिक समिति के सचिव ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) विवेक शर्मा ने राज्य सैनिक बोर्ड, छत्तीसगढ़ की गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मध्य भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत समेत राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा संजीव अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.