scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशदिल्ली सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन

दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन

Text Size:

नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर दिल्ली की आम आदमी पार्टी नीत सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन के इस्तीफे की मांग की।

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसने धन शोधन के एक मामले में जैन द्वारा नियंत्रित या उनके मालिकाना हक वाली कंपनियों और उनके परिवार की 4.81 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दावा किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जैन की ‘भ्रष्टाचार’ में संलिप्तता की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने इसपर चुप्पी साधे रखी।

भाजपा के आरोप पर आप की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

इससे पहले आप ने कहा था कि जैन ‘बेहद ईमानदार व्यक्ति’ हैं और उनके खिलाफ मामले को अदालत खारिज कर देगी।

पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले फरवरी में केजरीवाल ने दावा किया था कि सूत्रों से उन्हें पता चला है कि प्रवर्तन निदेशालय जैन को गिरफ्तार करने वाला है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि चुनावों में हार की संभावना प्रबल होने के बाद भाजपा आम आदमी पार्टी (आप) को निशाना बना रही है।

गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल को पता था कि जैन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय कार्रवाई कर सकता है, इसलिए वह हो-हल्ला कर रहे थे।

केजरीवाल नीत दिल्ली सरकार में जैन स्वास्थ्य, बिजली, गृह, उद्योग, शहरी विकास, बाढ़, सिंचाई और जल मंत्री हैं।

बाद में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़़ी ने भी प्रदर्शन के दौरान केजरीवाल से जैन को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की।

पार्टी के विधायकों मोहन सिंह बिष्ट, अनिल बाजपेयी और अन्य नेताओं ने भी प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

भाषा अर्पणा दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments