नयी दिल्ली, 14 अगस्त (भाषा) दिल्ली की महिला एवं बाल विकास मंत्री आतिशी ने सोमवार को कोंडली में केंद्रीकृत आंगनवाड़ी रसोईघर का निरीक्षण किया तथा खाने की गुणवत्ता परखने के लिए ‘व्यक्तिगत रूप से उसका स्वाद’ चखा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा, ‘‘ केजरीवाल सरकार दिल्ली में हर जरूरतमंद महिला एवं बच्चे को पौष्टिक खाना देने के लिए कटिबद्ध है। इसी लक्ष्य के साथ सरकार 11 केंद्रीकृत रसोईघर चला रही है जो पूरी दिल्ली में रोजाना आठ लाख से अधिक बच्चों एवं महिलाओ पका हुआ खाना तथा घर के लिए राशन प्रदान करते हैं।’’
महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी एक बयान में कहा कि कोंडली में इस केंद्रीकृत रसोई घर के माध्यम से दिल्ली सरकार पूर्वी दिल्ली के 604 आंगनवाड़़ी केंद्रों में पढ़ रहे 43000 से अधिक बच्चों को मुफ्त पौष्टिक एवं स्वादिष्ट खाना देती है।
मंत्री ने कहा कि केंद्रीकृत रसोइघरों के माध्यम से सरकार दिल्ली के आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाले छह महीने से तीन साल के बच्चों, गर्भवती महिलाओं , स्तनपान कराने वाली महिलाओं के पोषण पर ध्यान दे रही है और ये केंद्रीकृत रसोईघर इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
बयान के अनुसार आतिशी ने निरीक्षण के दौरान खाने की गुणवत्ता परखी तथा उसका स्वाद चखा।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
