नयी दिल्ली, 20 जनवरी (भाषा) दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मंगलवार को मामूली सुधार देखने को मिला और 24 घंटे का औसत एक्यूआई लगातार तीन दिनों तक 400 से ऊपर रहने के बाद ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आ गया। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रैप-4 को प्रतिबंधों को वापस ले लिया, जबकि अन्य प्रतिबंधों वैसे ही लागू हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 378 रहा।
शाम तक, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार, 29 स्टेशन पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’, पांच पर ‘गंभीर’ और चार पर ‘खराब’ दर्ज की गई, जिसमें वजीरपुर में एक्यूआई 414 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
राजधानी में लगातार तीन दिनों से जारी ‘गंभीर’ वायु प्रदूषण का दौर मंगलवार सुबह समाप्त हो गया, जब औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 395 दर्ज किया गया। सुधार के बावजूद, कई निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर उच्च बना रहा।
स्थिति में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के चौथे चरण के तहत लगाए गए प्रतिबंधों को वापस ले लिया है। हालांकि, आयोग ने एक आदेश में कहा है कि संशोधित ग्रैप के पहले, दूसरे और तीसरे चरण के तहत लगाए गए प्रतिबंध लागू रहेंगे।
आदेश में कहा गया है, ‘ग्रैप के चौथे चरण को वापस लिया जा रहा है, लेकिन सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए, जब मौसम की स्थिति हमेशा अनुकूल नहीं हो सकती है और यह सुनिश्चित करने के लिए कि एक्यूआई का स्तर और अधिक न गिरे, नागरिकों से अनुरोध है कि वे ग्रैप चरण-एक, दो और तीन के तहत नागरिक चार्टर का सख्ती से पालन करें।’
दिल्ली में शनिवार, रविवार और सोमवार को लगातार तीन दिनों तक ‘गंभीर’ वायु प्रदूषण रहा, जिसमें एक्यूआई 400 के पार चला गया, जिसके चलते ग्रैप के चौथे चरण के प्रतिबंध लागू किए गए।
वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के अनुसार, बुधवार से शुक्रवार तक वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है।
अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए न्यूनतम तापमान लगभग सात डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है, साथ ही मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार से शनिवार के दौरान छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
