नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दहेज हत्या के एक मामले में पिछले पांच साल से गिरफ्तारी से बच रही 50 वर्षीय महिला को पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बदायूं की मूल निवासी कौशल्या देवी के रूप में पहचानी गई आरोपी को मंडावली इलाके में अपनी भाभी नीरज की हत्या के सिलसिले में 2023 में भगोड़ा घोषित किया गया था।
यह मामला वर्ष 2019 का है जब नीरज की उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
मंडावली पुलिस थाने में हत्या, दहेज हत्या, क्रूरता और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एक अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान राम अवतार और ब्रह्म सिंह नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन देवी छिप गई और गिरफ्तारी से बचने में कामयाब रही।
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) विक्रम सिंह ने बताया, ‘‘पूर्वी दिल्ली में बसने से पहले वह मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच अपना ठिकाना बदलती रही। अपनी पहचान छिपाने के लिए वह गांधी नगर में किराए के मकान में रहकर कपड़े के एक कारखाने में काम करने लगी थी।’’
वह जांच में शामिल नहीं हुई थी, इसलिए अदालत ने 23 मार्च 2023 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया।
डीसीपी सिंह ने कहा, ‘‘टीम ने सावधानीपूर्वक सत्यापन किया और उसके किराए के आवास की पहचान की। शनिवार को उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।’’
उन्होंने बताया कि उक्त घटना में उसकी भूमिका का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रीति संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.