scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशदिल्ली: व्यापारी की हत्या के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अब तक सात पकड़े गये

दिल्ली: व्यापारी की हत्या के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अब तक सात पकड़े गये

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना में एक व्यापारी की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने रोहिणी क्षेत्र में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बतायास कि इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है ।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इरफान (40) और ऐश्वर्या पांडे (37) को नौ एवं 10 मार्च की दरम्यानी रात को गिरफ्तार किया गया।

उत्तरी बाहरी पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी के अनुसार, फरवरी में प्लास्टिक ग्रैन्यूल व्यापारी वैभव गांधी की हत्या के बाद यह दोनों लगभग एक महीने से फरार थे।

पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ रोहिणी के सेक्टर-34 में तब हुई जब पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में मिली विशेष सूचना के आधार पर उन्हें रोकने की कोशिश की।

उपायुक्त ने बताया, “जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने भागने के दौरान गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुआ।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे बवाना में एक व्यापारी की हत्या में उनकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद करीब एक महीने से फरार थे।

इरफान के खिलाफ कुल 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें से 32 मामले दिल्ली में और आठ मामले उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं जबकि पांडेय के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं जिनमें चार उत्तर प्रदेश में और एक दिल्ली में दर्ज है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “जब पुलिस दल ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने कथित तौर पर भागने का प्रयास करते हुए गोलीबारी की। इसके बाद पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी हुई।”

मुठभेड़ के दौरान कुल 11 गोलियां चलीं। इस दौरान एक गोली पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी।

मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें काबू कर लिया।

पुलिस ने बताया कि उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए रोहिणी स्थित डॉक्टर बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो अर्धस्वचालित पिस्तौल, चार भरे और छह खाली कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जो मोटरसाइकिल बरामद की गई है वह पिछले साल समयपुर बादली इलाके से चुराई गई थी।

डीसीपी ने बताया कि पुलिस दल पर गोलीबारी को लेकर एक नया मामला भारतीय न्याय संहिता के तहत शाहबाद डेरी पुलिस थाने में दर्ज किया गया है।

इस मामले में पांच आरोपियों संजय उर्फ ताऊ, रविंद्र उर्फ रवि, संदीप उर्फ पुजारी, हरीश कुमार उर्फ सोनू और अरुण उर्फ पागल को पिछले माह गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार व्यापारी वैभव गांधी (35) की नौ फरवरी को बवाना स्थित उनकी फैक्टरी के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

भाषा रंजन पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments