नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में प्रदर्शनी का उद्घाटन किए जाने के बाद कार्यक्रम से उपकरणों की चोरी हो गई, जिसमें शामिल एक व्यक्ति की पहचान दिल्ली पुलिस ने कर ली है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
‘नियोसैपियन’ कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ धनंजय यादव ने शिकायत की थी कि उनके स्टॉल पर रखे गए उनके उपकरण चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों के कथित रूप से निर्देश पर उपकरणों को वहां छोड़ने के बाद यह चोरी हुई।
विशेष पुलिस आयुक्त (खुफिया विभाग) मनीष कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
अग्रवाल ने कहा, ‘‘एक समय ऐसा आया जब उस सज्जन ने सामान को बिना निगरानी के छोड़ दिया, जबकि लॉकर उपलब्ध कराया गया था। यह उम्मीद की जाती थी कि प्रदर्शक सामान को लॉकर में रखेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन फिर भी चाहे जो भी कारण हो, उन्होंने इन्हें लावारिस छोड़ दिया, स्थानीय पुलिस के पास इस बात का सबूत है कि यह किसने किया है और हम उस मामले पर काम कर रहे हैं।’’
अग्रवाल ने कहा, ‘‘हमने प्राथमिकी दर्ज करा ली है। हम इस मामले को सुलझा लेंगे।’’
भाषा यासिर गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
