scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशदिल्ली पुलिस ने रेलवे कर्मचारी की हत्या के आरोप में एक लड़के को हिरासत में लिया

दिल्ली पुलिस ने रेलवे कर्मचारी की हत्या के आरोप में एक लड़के को हिरासत में लिया

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) दिल्ली में 17 वर्षीय एक लड़के ने उसके साथ कथित तौर पर जोर-जबर्दस्ती की कोशिश करने पर एक रेलवे तकनीशियन पर गैस सिलेंडर से हमला किया और फिर उसका गला काट दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार मालवीय (39) उत्तरी दिल्ली के गुलाबी बाग स्थित एक पार्किंग क्षेत्र में बंद कमरे के अंदर मृत पाया गया। संदीप 25 जनवरी से लापता था।

पुलिस ने बताया कि शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था, जिसके ऊपर वस्तुएं बिखरी हुई थीं। उसने बताया कि गर्दन और छाती पर चोट के निशान थे और चेहरा आंशिक रूप से सड़ चुका था।

अपराध एवं फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल भेज दिया गया। घटनास्थल से बरामद कपड़े जब्त कर लिए गए।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एसीपी) (उत्तर) सुमित कुमार झा ने बताया, “संदीप 25 जनवरी को दोपहर करीब तीन बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 27 जनवरी को एक मित्र ने उसके परिवार को बताया कि उसकी मोटरसाइकिल आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी है, जिसके बाद पहाड़गंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।”

दो फरवरी को संदीप के छोटे भाई मंदीप कुमार मालवीय (37) को पता चला कि उसने सब्जी मंडी की रेलवे कॉलोनी में एक कमरा किराए पर लिया था, जहां वह कभी-कभी दोस्तों के साथ जाया करता था।

कमरे का ताला टूटा हुआ था और अंदर शव मिला।

पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज में संदीप एक लड़के के साथ ऑटो-रिक्शा में यात्रा करता हुआ दिखाई दिया।

जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि उनके यूपीआई खाते से परीक्षण लेनदेन के तौर पर एक रुपये ट्रांसफर किए गए थे।

उन्होंने बताया कि लाभार्थी का खाता एक नाबालिग का था।

पुलिस ने गाजियाबाद निवासी नाबालिग को तीन फरवरी की सुबह मंदिर मार्ग इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान लड़के ने पुलिस को बताया कि 25 और 26 जनवरी की दरम्यानी रात को वह पहाड़गंज के एक बार के पास रेलवे तकनीशियन से मिला था।

नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसने संदीप से पैसे मांगे, जिसके बाद संदीप उसे किराए के कमरे में ले गया।

पुलिस ने बताया कि जब संदीप ने नाबालिग से यौन संबंध बनाने की मांग की, तो लड़के ने उसके सिर पर सिलेंडर से वार कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments