नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने रविवार को जनकपुरी हादसे के पीड़ित के परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सूद ने पीड़ित परिवार के घर जाकर अपनी संवेदना व्यक्त की और इस घटना को बेहद दर्दनाक और दुखद बताया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
रोहिणी सेक्टर-10 में स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत कमल ध्यानी बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात घर लौट रहे थे, तभी वह दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा सीवर पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गए।
मंत्री ने कहा, “सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। इस मामले को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जा रहा है।”
सूत्रों के अनुसार, सूद ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कर्तव्य में चूक पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने जन सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सार्वजनिक बुनियादी ढांचे से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभागों को निगरानी तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार इस घटना से सबक लेते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रणालीगत सुधार लागू करेगी।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
