नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली साहित्य महोत्सव (डीएलएफ) का 13वां संस्करण दो मई से बीकानेर हाउस में शुरू होगा जिसमें नेता, प्रसिद्ध लेखक और सांस्कृतिक हस्तियां शामिल होंगी।
डीएलएफ ने एक बयान में कहा कि तीन दिवसीय महोत्सव का विषय ‘‘दिल्ली राइट्स: वॉयस, विजन्स एंड वर्सेज’’ है। यह महोत्सव चार मई तक आयोजित होगा। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र एस शेखावत महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चन्द्रा तथा यूनेस्को भारत के निदेशक एवं प्रतिनिधि टिम कर्टिस उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे।
इस महोत्सव में प्रख्यात नेता और बुद्धिजीवी ‘जनसांख्यिकी, संवाद और विकास’ जैसे सत्र में शामिल होंगे जिनका नेतृत्व सांसद बांसुरी स्वराज करेंगी तथा एक विशेष वार्तालाप ‘‘समय के साथ प्रवाह: यमुना का उपचार’’ में दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भाग लेंगे।
राजनीतिक टिप्पणीकार और लेखक आनंद रंगनाथन ‘‘अनस्क्रिप्टेड, अनपॉलोजेटिक, अनफिल्टर्ड’’ शीर्षक वाली एक परिचर्चा में करेंगे।
इस महोत्सव में कई भारतीय लेखक भाग लेंगे, जिनमें पूर्व राजनयिक लक्ष्मी मुर्देश्वर पुरी (स्वैलोइंग द सन), राजदूत अभय के (नालंदा ‘हाउ इट चेंज्ड द वर्ल्ड), डॉ. ऐश्वर्या पंडित (इंडियन रेनेसां: द मोदी डिकेड), साथ ही रविशंकर एटेथ, अरुण आनंद, पवन के वर्मा, तस्लीमा नसरीन और मुकुल कुमार शामिल हैं।
दिल्ली साहित्य महोत्सव पुरस्कार 2025 सात साहित्यिक श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे।
भाषा शोभना रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.