नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) दिल्ली सरकार ने पेंशनभोगी विधवाओं व दिव्यांगजनों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत शामिल करने का मंगलवार को फैसला किया। अब इनका परिवार भी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ उठा सकेगा। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय लाखों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सीधा बदलाव लाने वाला साबित होगा।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
गुप्ता ने बताया कि इस फैसले से विधवा पेंशन की करीब तीन लाख 96 हजार 615 लाभार्थी महिलाओं और दिव्यांग पेंशन के लगभग एक लाख 31 हजार 515 लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि दिल्ली का कोई भी गरीब, कमजोर या जरूरतमंद नागरिक इलाज के अभाव में वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस निर्णय के बाद लगभग 5.5 लाख अतिरिक्त परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत दायरे में आ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ये परिवार पहले से योजना का लाभ ले रहे अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और प्राथमिकता (पीआरएस) श्रेणी के परिवारों, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्पर्स के अतिरिक्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक दिल्ली में 7 लाख 23 हजार 707 आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से दो लाख 74 हजार 620 कार्ड वरिष्ठ नागरिकों को दिए गए हैं।
उनके मुताबिक, राजधानी में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 208 अस्पतालों का व्यापक नेटवर्क सूचीबद्ध किया गया है, जिनमें 156 निजी और 53 सरकारी अस्पताल शामिल हैं।
गुप्ता ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (एसएचए) दिल्ली के माध्यम से अब तक 29,120 से अधिक लाभार्थी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत उपचार प्राप्त कर चुके हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
