scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशदिल्ली आबकारी मामला: ईडी ने हैदराबाद के व्यवसायी को गिरफ्तार किया

दिल्ली आबकारी मामला: ईडी ने हैदराबाद के व्यवसायी को गिरफ्तार किया

Text Size:

नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में कथित अनियमितताओं संबंधी धनशोधन जांच के सिलसिले में अरुण रामचंद्रन पिल्लई को गिरफ्तार किया है।

ईडी ने पिल्लई की गिरफ्तारी यह दावा करते हुए की कि हैदराबाद के व्यवसायी ने ‘‘साउथ ग्रुप’’ से 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) को पहुंचाने के वास्ते ‘‘साठगांठ’’ की।

पिल्लई को ईडी ने सोमवार रात को गिरफ्तार किया था और उसे मंगलवार को यहां की एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पिल्लई को 13 मार्च तक संघीय जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। ईडी द्वारा इस मामले में यह 11वीं गिरफ्तारी है।

व्यवसायी पिल्लई ‘रॉबिन डिस्टिलरीज एलएलपी’ नामक कंपनी में साझेदार बताया जाता है। ईडी ने दावा किया कि वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी एवं विधान परिषद सदस्य के. कविता और अन्य से जुड़े कथित शराब कार्टल ‘साउथ ग्रुप’ का प्रतिनिधित्व करता है। पिल्लई गिरफ्तार शराब कारोबारी समीर महंद्रू, उनकी पत्नी गीतिका महंद्रू और उनकी कंपनी इंडोस्प्रिरिट ग्रुप से भी जुड़ा है।

ईडी ने पिछले साल सितंबर से अब तक पिल्लई से कम से कम 11 बार पूछताछ की है, लेकिन सोमवार को उसे यह कहते हुए गिरफ्तार कर लिया कि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है।

एजेंसी ने आरोप लगाया कि पिल्लई ‘‘पूरे दिल्ली आबकारी घोटाले के प्रमुख व्यक्तियों में से एक है, जिसमें भारी रिश्वत का भुगतान और ‘साउथ ग्रुप’ के सबसे बड़े कार्टल का गठन शामिल है।’’

पिल्लई की हिरासत का अनुरोध करते हुए ईडी ने अदालत को बताया कि ‘‘साउथ ग्रुप’’ में सरत रेड्डी (अरबिंदो फार्मा के प्रवर्तक), मगुनता श्रीनिवासुलु रेड्डी (ओंगोल लोकसभा सीट से वाईएसआर कांग्रेस सांसद), के कविता (तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव की बेटी) और अन्य शामिल हैं।

ईडी ने कहा, ‘‘साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व अरुण पिल्लई, अभिषेक बोइनपल्ली (पहले मामले में गिरफ्तार) और बुची बाबू (कविता से जुड़े एक चार्टर्ड अकाउंटेंट और इस मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार) द्वारा किया जा रहा था।’’

एजेंसी ने आरोप लगाया कि पिल्लई अपने सहयोगियों के साथ ‘साउथ ग्रुप और आप के नेताओं के बीच राजनीतिक समझ बनाने के लिए विभिन्न व्यक्तियों के साथ समन्वय कर रहा था।’’

उसने कहा, ‘‘वह सह-अपराधी रहा है और साउथ ग्रुप से रिश्वत और दिल्ली में व्यवसायों से उसकी वसूली में शामिल था।’’

उसने यह भी आरोप लगाया कि पिल्लई ने प्रेम राहुल नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ क्रमशः कविता और मगुन्टा रेड्डी और उनके बेटे राघव मगुंटा के ‘बेनामी निवेश’ का प्रतिनिधित्व किया। उसने अदालत को बताया कि बोइनपल्ली और बाबू जैसे सहयोगियों के साथ उसने ‘साउथ ग्रुप’ की ओर से निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और रिटेल का एक कार्टल बनाने की पूरी योजना बनाई, जो दिल्ली में पूरे शराब कारोबार के 30 प्रतिशत से अधिक को नियंत्रित करता है।’’

ईडी ने आरोप लगाया कि पिल्लई ने आबकारी मामले में ‘अब तक 32.8 करोड़ रुपये की हेराफेरी की है’ और लगभग 25.5 करोड़ रुपये ‘सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित’ किए गए।

एजेंसी ने जनवरी में पिल्लई और उनकी पत्नी की 5.72 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी।

ईडी ने आरोप लगाया, पिल्लई ने ‘‘अन्य व्यक्तियों के साथ साजिश रची और कार्टल गठन में सक्रिय रूप से शामिल थे और साउथ ग्रुप से आप को 100 करोड़ रुपये की रिश्वत देने में एक सह अपराधी था और इस तरह के कृत्यों से, कम से कम 296.2 करोड़ की अपराध की आय उत्पन्न हुई।’’

ऐसा आरोप है कि दिल्ली सरकार की शराब कारोबारियों को लाइसेंस देने के लिए 2021-22 की आबकारी नीति से उद्यमियों को साठगांठ करने का अवसर दिया गया तथा कुछ डीलरों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर घूस दी। बहरहाल, आम आदमी पार्टी (आप) ने इस आरोप का जोरदार खंडन किया है। बाद में यह नीति रद्द कर दी गयी थी और दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की, जिसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत आरोपियों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments