नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को कहा कि पार्टी ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के बारे में जागरुकता पैदा करने के लिए जल्द ही शहर में एक अभियान शुरू करेगी ताकि इस पर पार्टी के रुख के लिए समर्थन जुटाया जा सके।
सचदेवा ने कहा कि इस अभियान को दिल्ली के हर घर तक ले जाया जाएगा और एक जन जागरुकता आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसमें बताया जाएगा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ (ओएनओई) से समाज और राष्ट्र को कैसे लाभ मिल सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल द्वारा दिल्ली इकाई कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए।
सचदेवा ने कहा कि उन्हें बंसल से बहुमूल्य मार्गदर्शन मिला और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को राष्ट्रीय अभियान बनाने पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से देश के विकास में बाधा आती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘पिछले 30 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो हर साल किसी न किसी राज्य में चुनाव होते हैं और हर पांच साल में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी होते हैं। इससे चुनावी प्रक्रिया जटिल हो जाती है। ओएनओई एक राष्ट्रीय आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक चुनाव के माध्यम से हम देश का समय, धन और संसाधन बचाकर एक विकसित राष्ट्र की कल्पना कर सकते हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.