नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन कार्यवाही का बहिष्कार किया और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र की ‘‘हत्या’’ करने का आरोप लगाते हुए अर्थी लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
विपक्ष की नेता आतिशी ने रविवार को कहा कि पिछले सत्र के दौरान सदन से निलंबित पार्टी के चार विधायकों का निलंबन यदि रद्द नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी के विधायक बजट सत्र का बहिष्कार करेंगे।
आम आदमी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया। बाद में उन्होंने ‘‘अर्थी’’ लेकर विधानसभा के बाहर मार्च निकाला।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप के चार विधायकों – संजीव झा, जरनैल सिंह, सोम दत्त और कुलदीप कुमार – को उपराज्यपाल के अभिभाषण को बाधित करने के आरोप में इस साल जनवरी में निलंबित कर दिया था। सत्र स्थगित नहीं किया गया था, इसलिए उनका निलंबन अब भी जारी है।
आतिशी ने कहा, ‘‘हमें दिल्ली की जनता ने चुना है और हम उनकी समस्याओं और मुद्दों को उठाते हैं, लेकिन भाजपा चाहती है कि हम अपनी आवाज न उठाएं।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें विधानसभा परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया।
आप विधायकों ने आरोप लगाया कि भाजपा खुलेआम लोकतंत्र की ‘‘हत्या’’ कर रही है और विपक्ष की आवाज दबा रही है।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
