जालौन (उप्र) 14 जून (भाषा) जालौन जिले के कालपी में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नवीन गुप्ता पर बदमाशों ने मंगलवार को जानलेवा हमला किया और फिर वे फरार हो गये।
पुलिस ने पांच-पांच नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।
नवीन गुप्ता नगर पालिका परिषद की पूर्व चेयरमैन संतोष गुप्ता के पति हैं। गुप्ता ने बताया कि आज सुबह लगभग 11 बजे जब वह घर पर थे तब अनमोल एवं सचिन के अलावा पांच अज्ञात व्यक्ति हमारे घर में प्रवेश कर गए और लाठी डंडे से उन्हें पीटने लगे लगे। पिटाई की तेज आवाज सुनकर घर के सदस्यों के अलावा मोहल्ले के अन्य लोग आ गए। उन्हें देखकर हमलावर अपनी- अपनी मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गये।
गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल पर जो मोटरसाइकिल मिली, उसे उन्होंने थाने में जमा करा दी है और हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कालपी संतोष सिंह ने बताया भाजपा नेता ने जो शिकायती पत्र सौंपा है उसके आधार पर कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है और शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
