भदोही (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) भदोही जिले में एक नहर के पास शौच करने को लेकर हुए विवाद में एक दलित युवक की बेरहमी से पिटायी की गयी और हमलावर ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल की चाबी उसकी एक आंख में घोंप दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना औराई के घोसिया इलाके में शुक्रवार दोपहर को हुई, जब दलित युवक राहुल (20) एक नहर के पास शौच करने गया था।
उसे रविवार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
एसपी ने बताया कि राहुल को देख कर इसी थाना क्षेत्र के समधाख़ास नवटरवा गांव निवासी शंकर बिन्द उससे झगड़ा करने लगा। हमलावर ने राहुल को कथित तौर पर जातिसूचक गाली दी तथा उससे मारपीट की।
उन्होंने बताया कि जब राहुल ने भागने की कोशिश की तो शंकर ने मोटरसाइकिल की चाबी राहुल की बायीं आंख में घोंप दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। गंभीर रूप से घायल राहुल ज़मीन पर गिर पड़ा तभी भीड़ के जुटने पर शंकर बिन्द मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मांगलिक ने बताया, ‘‘बायीं आंख में गंभीर चोट आने और कुछ दिखायी न देने की शिकायत करने के बाद राहुल को रविवार को वाराणसी में बीएचयू के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।’’
उन्होंने बताया आरोपी शंकर बिन्द के खिलाफ मामला दर्ज कर ज़रूरी कार्रवाई पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में राहुल के पिता राम धनी की तहरीर के आधार पर आरोपी शंकर बिन्द के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
भाषा सं आनन्द
गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
