नई दिल्ली: लॉस एंजेलिस में हुए 68वें वार्षिक ग्रैमी अवॉर्ड्स में एक अभूतपूर्व जीत देखने को मिली, जब तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने अपनी ऑडियोबुक Meditations: The Reflections of His Holiness the Dalai Lama के लिए ग्रैमी अवॉर्ड जीता.
अवॉर्ड स्वीकार करते हुए दलाई लामा के कार्यालय ने एक्स पर लिखा, “मैं इस सम्मान को आभार और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं. मैं इसे व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता, बल्कि हमारी साझा सार्वभौमिक जिम्मेदारी की पहचान के रूप में देखता हूं.”
90-साल के दलाई लामा ने बेस्ट ऑडियो बुक, नैरेशन एंड स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग कैटेगरी में अपना पहला ग्रैमी जीता. यह कैटेगरी ऑडियोबुक और नैरेशन में उत्कृष्टता को सम्मानित करती है, जहां कहानी कहने और आवाज़ की गहराई अहम मापदंड होते हैं.
यह ऑडियोबुक एक स्पोकन-वर्ड एल्बम है, जिसमें दलाई लामा अपनी ही आवाज़ में ध्यान, शांति, करुणा और जीवन से जुड़े विचार साझा करते हैं. एल्बम में भारतीय धुनें और संगीत भी शामिल हैं.
दलाई लामा के कार्यालय ने आगे कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि शांति, करुणा और देखभाल सभी आठ अरब इंसानों की सामूहिक भलाई के लिए जरूरी हैं. मैं आभारी हूं कि यह ग्रैमी सम्मान इन संदेशों को और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद करेगा.”
दलाई लामा तिब्बती बौद्ध धर्म के आध्यात्मिक प्रमुख हैं और दुनिया के सबसे सम्मानित और प्रभावशाली आध्यात्मिक नेताओं में से एक हैं. दशकों से वह भारत में निर्वासन में रह रहे हैं और शांति, अहिंसा, मानवाधिकारों और धार्मिक व सांस्कृतिक समझ के लिए आवाज उठाते रहे हैं.
उन्हें वैश्विक शांति के लिए किए गए प्रयासों के लिए 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार भी दिया गया था.
संगीत के जरिए संदेश
यह एल्बम दलाई लामा के ध्यान से जुड़े 10 विचारों को संगीत के साथ सामने रखता है. इसमें बोले गए शब्द और संगीत मिलकर एक आसान और मधुर संदेश देते हैं. यह एल्बम शांति, दयालुता, करुणा, जागरूकता, इंसानी एकता, उम्मीद और आपसी समझ जैसे साझा मानवीय मूल्यों को दिखाता है.
इस कैटेगरी में अन्य नामांकनों में अभिनेता कैथी गार्वर की 2025 की आत्मकथा Elvis, Rocky & Me: The Carol Connors Story, कॉमेडियन ट्रेवर नोआ की बच्चों की किताब Into the Uncut Grass, वकील केतांजी ब्राउन जैक्सन की आत्मकथा Lovely One और फ्रेंच गायक फैब मोरवान की किताब You Know It’s True: The Real Story of Milli Vanilli शामिल थीं.
इस एल्बम को बनाने के लिए दलाई लामा ने भारत के मशहूर सरोद वादक अमजद अली खान और उनके बेटों अमान अली बांगश और अयान अली बांगश के साथ मिलकर काम किया.
नोमिनेशन की घोषणा के समय अमजद अली खान ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “हमारा एल्बम Meditation: Reflections of His Holiness the Dalai Lama हमारे दिल के बहुत करीब है. इसमें दलाई लामा के बोले गए विचारों को खास संगीत के साथ जोड़ा गया है, जो शांति से सोचने और करुणा महसूस करने के लिए प्रेरित करता है. हम हमेशा उनकी शिक्षाओं से प्रेरित रहे हैं और इस सहयोग से हमें उनके शांति और उम्मीद के संदेश को नए अंदाज में पेश करने का मौका मिला.”
इस एल्बम में ऐप्पल म्यूजिक, स्पॉटिफाई और आईहार्ट जैसे बड़े म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर कुल 10 ट्रैक हैं. इनके नाम हैं—Heart, Oneness, Harmony, Kindness, Water, Mind, Health, Peace, Essence और Journey. कुछ प्लेटफॉर्म्स पर ये ट्रैक “Meditation with the Dalai Lama” जैसे नाम से भी उपलब्ध हैं.
पहला ट्रैक Heart करुणा और प्रेम के बारे में है—दिल को जुड़ाव, समझ और इंसानी अपनापन का स्रोत बताया गया है. दूसरा ट्रैक Oneness यह दिखाता है कि अलग-अलग संस्कृति, धर्म और पृष्ठभूमि के बावजूद सभी लोग और जीवन आपस में जुड़े हैं. Harmony शांति से साथ रहने और एक-दूसरे का सम्मान करने का संदेश देता है, जबकि Water साफ सोच, निरंतरता और जीवन के लिए ज़रूरी चीज़ों का प्रतीक है.
Health, Peace और Essence के बाद एल्बम का आखिरी ट्रैक Journey आता है, जो इन सभी विचारों को जीवन की एक आध्यात्मिक यात्रा के रूप में जोड़ता है.
खान ने आगे कहा, “दलाई लामा के साथ काम करना हमारे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य था. हम उन सभी कलाकारों के आभारी हैं जिन्होंने इस सोच को आगे बढ़ाने में अपनी आवाज, कला और भावना जोड़ी.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
