scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशअपराधियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता: संघवी

अपराधियों की कोई जाति या धर्म नहीं होता: संघवी

Text Size:

(फोटो के साथ)

वडोदरा, 21 मार्च (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शनिवार को कहा कि अपराधियों का कोई धर्म या जाति नहीं होती। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस ‘‘भगवान हनुमान’’ बन जाएगी।

संघवी ने राज्य पुलिस की प्रौद्योगिकी-सक्षम त्वरित आश्वासन और निगरानी (एनईटीआरएएम) परियोजना के अंतर्गत वडोदरा शहर पुलिस कमान एवं नियंत्रण केंद्र के उद्घाटन समारोह में कहा, ‘‘अपराधियों के लिए कोई धर्म या जाति नहीं होती। गुजरात पुलिस राज्य में असामाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए दृढ़ संकल्पित है। यदि कोई अपराधी नागरिकों को परेशान करता है, तो पुलिस लोगों को बचाने के लिए भगवान हनुमान बनकर आएगी।’’

उन्होंने राज्य के प्रभारी पुलिस महानिदेशक केएलएन राव और शहर के पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार के साथ यहां के सीसीटीवी और यातायात नेटवर्क की भी समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि वडोदरा में अत्याधुनिक सीसीटीवी नेटवर्क स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें वडोदरा पुलिस के 2,608 कैमरे और 7,000 निजी कैमरे हैं, जो अपराधों का तेजी से पता लगाने और नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को बढ़ाने में मदद करते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भविष्य में, इस कैमरा नेटवर्क को कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित तकनीकों जैसे चेहरे की पहचान और नंबर प्लेट की पहचान के साथ जोड़ा जायेगा। ये कदम अपराधियों की शीघ्र पहचान करने में पुलिस की मदद करेंगे।’’

पुलिस की निरंतर सेवा और जन सुरक्षा के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए, संघवी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए पुलिस आवास, जेल सुविधाओं और पुलिस थाने के विकास के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं लागू की गई हैं।

उन्होंने वडोदरा जिले के लिए कई विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार ने वडोदरा के लिए 538 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

भाषा देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments