scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशपुलिस से मुठभेड़ में 50 हजार रूपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार

पुलिस से मुठभेड़ में 50 हजार रूपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Text Size:

बुलंदशहर (उप्र), 13 अप्रैल (भाषा) बुलंदशहर जिले के अनूप शहर इलाके में पुलिस और स्वाट टीम (विशेष हथियार एवं रणनीति दल) ने एक संयुक्त अभियान के तहत हुई मुठभेड़ में 50 हजार रूपये के इनामी बदमाश विनोद शर्मा को गिरफ्तार किया है।

अनूप शहर के पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को पुलिस एवं स्वाट टीम द्वारा बुलंदशहर अड्डे पर निरीक्षण अभियान के दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की गई मगर रुकने के बजाय उसने भागने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा पीछा किया गया, तभी बदमाश की मोटरसाइकिल अनूपशहर-संभल मार्ग पर सड़क किनारे फिसल कर गिर गई।

चौहान ने बताया कि बदमाश ने खुद को पुलिस कर्मियों से घिरा देखकर उन पर गोली चलाई जिसके जवाब में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली पैर में लगने से बदमाश जख्मी हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

चौहान के मुताबिक पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम विनोद शर्मा बताया और वह शिकारपुर क्षेत्र के जखेता का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि शर्मा पर कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

चौहान ने बताया कि शर्मा को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाषा सं सलीम वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments