scorecardresearch
Tuesday, 25 February, 2025
होमदेशस्थानीय प्रशासन के हाथ खडे करने के कारण जालंधर मंदिर में पूजा नहीं कर सका : मोदी

स्थानीय प्रशासन के हाथ खडे करने के कारण जालंधर मंदिर में पूजा नहीं कर सका : मोदी

Text Size:

जालंधर (पंजाब), 14 फरवरी (भाषा) फिरोजपुर में सुरक्षा चूक के कारण अपनी पंजाब यात्रा बीच में ही रद्द करने के करीब एक महीने बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वह यहां के एक मंदिर में दर्शन नहीं कर सके, क्योंकि स्थानीय प्रशासन आवश्यक व्यवस्था नहीं कर सका।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पंजाब की सरकार का हाल है। इसके साथ ही उन्होंने जोर दिया कि वह फिर जालंधर आएंगे और देवी तालाब मंदिर में पूजा करेंगे।

मोदी 20 फरवरी को पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पहली बार राज्य में लोगों को प्रत्यक्ष संबोधित कर रहे थे। इससे पहले पांच जनवरी को फिरोजपुर में प्रदर्शनकारियों द्वारा यातायात अवरूद्ध किए जाने के कारण उनका काफिला एक फ्लाईओवर पर फंस गया था और प्रधानमंत्री को वापस लौटना पड़ा था। उस दिन उनका एक रैली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम था।

प्रधानमंत्री ने यहां एक रैली में कहा कि उनकी इच्छा देवी तालाब मंदिर में पूजा करने की थी, ‘‘लेकिन यहां पुलिस और प्रशासन ने कहा कि वे व्यवस्था करने में असमर्थ हैं… उन्होंने कहा कि आप हेलीकॉप्टर से जाएं, यह यहां सरकार की स्थिति है… लेकिन मैं यहां फिर आऊंगा और मंदिर में पूजा करूंगा।’’

उन्होंने कहा कि पंजाब में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी नीत गठबंधन की बनेगी और राज्य में विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा।

उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई में आंतरिक कलह को लेकर पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि जो लोग आपस में लड़ रहे हैं, क्या वे स्थिर सरकार दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पूरा देश नए भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और यह तब साकार हो सकता है, जब ‘नवा (नया) पंजाब’ होगा। उन्होंने कहा, ‘वह नवा पंजाब जहां परंपराएं और विकास एक साथ होंगे, जो ऋण से मुक्त और अवसरों से भरा होगा, जहां हर दलित को सम्मान मिलेगा, और हर कदम पर समान अवसर मिलेगा, उस नवा पंजाब में भ्रष्टाचार और माफिया के लिए कोई गुंजाइश नहीं होगी।’

मोदी ने आठ फरवरी को डिजिटल तरीके से एक रैली को संबोधित किया था।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की नीतियों ने पंजाब में उद्योगों को नष्ट कर दिया और रोजगार को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास नए पंजाब के लिए एक दृष्टि है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पंजाब में राजग गठबंधन सरकार बनाएगा। पंजाब में विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा। मैं लोगों, खासकर युवाओं को आश्वस्त करना चाहता हूं कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस कभी पंजाब के लिए काम नहीं कर सकती। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग यहां झूठ का खेल खेलने के लिए आए हैं और वे पंजाब को नशा मुक्त बनाने की बात कर रहे हैं, लेकिन सड़कों पर शराब की दुकानें खोलने में कुशल हैं।

पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘मैं युवा पीढ़ी को बचाना चाहता हूं।’

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में अपने 2014 के लोकसभा चुनाव अभियान का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि उनके विमान को उड़ने की अनुमति नहीं दी गयी क्योंकि ‘कांग्रेस के नामदार और उसके युवराज, जो एक सांसद थे’ का अमृतसर के पास एक कार्यक्रम था।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जाहिरा तौर पर जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे पठानकोट पहुंचने में एक घंटे से अधिक की देरी हो गई। जब मैं पठानकोट पहुंचा, तो मेरे हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गयी। क्यों? क्योंकि उनके युवराज पंजाब में किसी अन्य स्थान का दौरा कर रहे थे।’’

उन्होंने कहा,‘‘’एक परिवार के लिए सत्ता का ऐसा दुरुपयोग होता था। 2014 में, सूर्यास्त के बाद मेरा हेलीकॉप्टर नहीं उड़ सका। उस समय हिमाचल प्रदेश में मेरे दो कार्यक्रम रद्द करने पड़े थे। अपने विरोधियों को रोकना कांग्रेस का काम रहा है। पिछले 50 वर्षों से, वह अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ ऐसा कर रही है।’

भाजपा 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के लिए अमरिंदर सिंह नीत पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींढसा के शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है।

मोदी ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती प्रदेश है और इसकी सुरक्षा एवं शांति भारत की एकता और अखंडता के लिए आवश्यक है। इसलिए पंजाब को एक मजबूत सरकार की जरूरत है जो इसकी और भारत की सुरक्षा के लिए गंभीर कदम उठा सके।

उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा का जिक्र करते हुए, उनका नाम लिए बिना कहा कि उन्होंने हाल ही में कहा था कि अमरिंदर सिंह ने पार्टी की नहीं सुनी और इसके बदले केंद्र के साथ काम किया।

मोदी ने कहा, ‘यह राज्य सरकार को ‘रिमोट कंट्रोल’ करने की कोशिश की एक स्पष्ट स्वीकारोक्ति है। उन्होंने कहा कि सिंह ने संघवाद की सच्ची भावना के साथ केंद्र के साथ काम किया, लेकिन जब उन्होंने ‘परिवार के आदेश’ मानने से इनकार कर दिया, तो उन्हें हटा दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘पाप का घड़ा जब भरता है तो फूटता भी है और कांग्रेस को उसके कर्मो की सजा मिल ही रही है।’’

मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब के हितों को अपने गठबंधन अधिकारों से ऊपर रखा है। उन्होंने कहा कि 2007 में शिरोमणि अकाली दल बहुमत से पीछे रह गयी थी और भाजपा के समर्थन के बिना सरकार नहीं बन पाती।

उन्होंने कहा कि गठबंधन के मानदंडों की मांग थी कि उपमुख्यमंत्री का पद भाजपा को मिले। उन्होंने कहा, ‘लेकिन बादल साहब (प्रकाश सिंह बादल) ने अपने बेटे (सुखबीर बादल) को उपमुख्यमंत्री बनाया और भाजपा ने पंजाब के हित में इसे स्वीकार कर लिया।’

मोदी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के संबंध में कहा कि कांग्रेस ने दोषियों को दंडित करने के बजाय उन्हें मंत्री पदों से पुरस्कृत किया था।

भाषा अविनाश उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments