scorecardresearch
Friday, 15 August, 2025
होमदेशकांस्टीट्यूशन क्लब चुनाव : शाह, सोनिया और खरगे ने मतदान किया

कांस्टीट्यूशन क्लब चुनाव : शाह, सोनिया और खरगे ने मतदान किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह और जे.पी. नड्डा तथा कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सहित विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं ने मंगलवार को ‘कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया’ के कड़े मुकाबले वाले चुनाव में मतदान किया।

सत्तारूढ़ पार्टी के दो वरिष्ठ नेता सचिव (प्रशासन) पद के लिए चुनाव में आमने-सामने हैं। निवर्तमान सचिव (प्रशासन) और पांच बार से लोकसभा सदस्य राजीव प्रताप रूडी को उनकी ही पार्टी भाजपा के संजीव बालियान से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। रूडी पिछले 25 साल से इस क्लब के सचिव हैं।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान और पूर्व सांसदों सहित कुल 1,295 मतदाताओं में से करीब 627 मत पड़े। क्लब के पदाधिकारियों के चुनाव में यह अब तक का सबसे अधिक मतदान है।

पीयूष गोयल और किरेन रीजीजू सहित कई केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला मतदान करने वालों में शामिल हैं।

रूडी ने कई चुनावों में निर्विरोध जीत हासिल की है। लोकसभा सदस्य निशिकांत दुबे जैसे कुछ भाजपा नेताओं के समर्थन से बाद बालियान ने रूड़ी को चुनौती देने का फैसला किया।

क्लब के 11 कार्यकारी सदस्यों के पद के लिए 14 सदस्य मैदान में हैं। चुनाव के नतीजे आज रात तक आने की उम्मीद है।

रूडी और बालियान दोनों पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं। दोनों भले ही एक ही पार्टी से हैं लेकिन वे अलग-अलग सामाजिक परिवेश से आए हैं।

लोकसभा अध्यक्ष इस क्लब के पदेन अध्यक्ष होते हैं। लेकिन क्लब के कार्यकारी कामकाज में सचिव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

भाषा अविनाश नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments