scorecardresearch
Saturday, 27 April, 2024
होमदेशकांग्रेस झारंखड में बाकी सीट पर उम्मीदवारों के नाम एक अप्रैल तक घोषित करेगी

कांग्रेस झारंखड में बाकी सीट पर उम्मीदवारों के नाम एक अप्रैल तक घोषित करेगी

Text Size:

रांची, 28 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने झारखंड में तीन सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और बाकी चार पर एक अप्रैल तक प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया जाएगा। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति से मंजूरी मिलने के बाद पार्टी ने बुधवार को लोहरदगा, खूंटी और हजारीबाग संसदीय क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किये।

पार्टी ने कालीचरण मुंडा, सुखदेव भगत और जय प्रकाशभाई पटेल को क्रमशः खूंटी (अजजा), लोहरदगा (अजजा) और हजारीबाग सीट से पार्टी उम्मीदवार बनाये जाने की घोषणा दिल्ली में की है।

पार्टी के नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कांग्रेस बाकी चार सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा एक अप्रैल तक कर देगी, वहीं सीट-बंटवारे पर कल तक आम सहमति बन सकती है।’’

झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों के लिए मतदान 13 मई से चार चरणों में होगा।

राज्य में 2.54 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 1.29 करोड़ पुरुष, 1.24 करोड़ महिलाएं और 413 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

कांग्रेस के एक सूत्र ने कहा कि सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई, क्योंकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद दो निर्वाचन क्षेत्रों- चतरा और पलामू- पर अड़े हुए हैं।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस सात सीट पर और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) पांच सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राजद और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) एक-एक सीट पर उम्मीदवार उतारेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हम राजद को पलामू सीट का प्रस्ताव देंगे, चतरा नहीं।’’

वर्ष 2019 में चतरा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुनील कुमार सिंह ने कांग्रेस के मनोज यादव को 3.77 लाख मतों से हराया था।

भाजपा ने इस बार चतरा सीट पर सिंह का टिकट काटकर कालीचरण सिंह को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिल्ली से फोन पर बताया, ‘‘तीन घोषित उम्मीदवारों के अलावा, नई दिल्ली में आयोजित पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में राज्य के लिए तीन और नामों को अंतिम रूप दिया गया, जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट-बंटवारे पर बातचीत चल रही है।’’

खूंटी से कांग्रेस उम्मीदवार कालीचरण मुंडा 2019 में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से 1,445 मतों के मामूली अंतर से हार गए थे।

लोहरदगा से कांग्रेस ने सुखदेव भगत को मैदान में उतारा है, जो 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सुदर्शन भगत से हार गये थे।

दिल्ली में मौजूद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) सभी 14 सीट पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हालांकि, भाजपा घबराई हुई है। वे (भाजपा) अपने ही खेमे से उपयुक्त उम्मीदवार नहीं ढूंढ पा रहे हैं तथा कांग्रेस एवं झामुमो नेताओं को गले लगा रहे हैं।”

ठाकुर का इशारा कांग्रेस सांसद गीता कोरा और झामुमो विधायक सीता सोरेन की ओर था, जो भाजपा में शामिल हो गईं और उन्हें क्रमशः सिंहभूम और दुमका लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया हैं।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास पहलों के कारण सभी राजनीतिक दलों के लोग उनके पाले में आ रहे हैं।

भाजपा ने गिरिडीह को अपनी गठबंधन सहयोगी आजसू पार्टी के लिए छोड़कर 13 सीटों पर पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 11 सीट हासिल की थीं, जबकि आजसू पार्टी, कांग्रेस और झामुमो ने राज्य में एक-एक सीट जीती थी।

भाषा

सुरेश मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments