scorecardresearch
शनिवार, 5 जुलाई, 2025
होमदेशकांग्रेस ने राव, चरण सिंह और स्वामीनाथन को ‘भारत रत्न’ का स्वागत किया

कांग्रेस ने राव, चरण सिंह और स्वामीनाथन को ‘भारत रत्न’ का स्वागत किया

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव और प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह तथा कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन को ‘भारत रत्न’ दिए जाने की घोषण का स्वागत करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह तीनों ‘भारत के रत्न’ थे, हैं और सदैव रहेंगे।

चरण सिंह, राव और स्वामीनाथन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने नरसिम्हा राव को ‘भारत रत्न’ देने की घोषणा के बारे में पूछे जाने पर संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं इसका (घोषणा) स्वागत करती हूं। क्यों नहीं?’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘‘कांग्रेस की ओर से हम पी वी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और एम एस स्वामीनाथन को भारत रत्न दिए जाने का स्वागत करते हैं। पूर्व प्रधान मंत्री और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पी वी नरसिम्हा राव ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सरकार के तहत, भारत ने आर्थिक सुधारों की एक श्रृंखला के साथ एक परिवर्तनकारी यात्रा शुरू की जिसने आने वाली पीढ़ियों के लिए मध्यम वर्ग को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’

खरगे ने कहा, ‘‘ राव ने भारत के परमाणु कार्यक्रम में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया उनके कार्यकाल में कई विदेश नीति की उपलब्धियां हासिल हुईं, जिनमें ‘लुक ईस्ट’ नीति भी शामिल है। हमारे राष्ट्र की समृद्धि और विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह अपनी किसान समर्थक नीतियों के लिए जाने जाते हैं और देश के करोड़ों किसान – हमारे अन्नदाता और खेत मजदूर – उनका व्यापक सम्मान करते हैं। उन्होंने ग्रामीण भारत को मजबूत बनाने में मदद की।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने स्वामीनाथन का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉक्टर स्वामीनाथन को कृषि विज्ञान के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए जाना जाता है और हरित क्रांति के माध्यम से भारत को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बनाने में उनका योगदान राष्ट्र निर्माण में एक मील का पत्थर है।’’

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और एमएस स्वामीनाथन जी भारत के रत्न थे, हैं और सदैव रहेंगे। उनका योगदान अभूतपूर्व था, जिसका हर भारतीय सम्मान करता है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘स्वामीनाथन फ़ॉर्मूले के आधार पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का क़ानूनी दर्जा दिए जाने पर मोदी सरकार चुप है। प्रधानमंत्री मोदी की हठधर्मिता के कारण 700 किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए, मगर सरकार ने किसानों के साथ वादा खिलाफी की। आज भी किसान दिल्ली कूच के लिए तैयार बैठे हैं, मगर सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में किसानों को न्याय दिलाया जाना एक मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसान न्याय’ के लिए हमारी मांग है कि स्वामीनाथन फ़ॉर्मूले के आधार पर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य की क़ानूनी गारंटी दी जाए। यही पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी और स्वामीनाथन जी को सही मायनों में श्रद्धांजलि होगी।’’

भाषा हक

हक पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments