नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार कुशासन और भ्रष्टाचार में लिप्त है और वह (कांग्रेस) अपनी सहयोगी पार्टी द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के दबाव में आकर राज्य (कर्नाटक) के बड़े हिस्से के सूखा प्रभावित रहने के बीच तमिलनाडु को 10 अरब घन फुट पानी छोड़ रही है।
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस दावे को लेकर भी उनकी आलोचना की कि चीन ने लद्दाख में भारतीय भू-भाग का अतिक्रमण किया है। भाजपा नेता ने कहा कि वह (राहुल) पाखंड का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में यदि किसी सरकार ने कड़े फैसले लिये हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा व अखंडता के मुद्दे पर दृढ़ता से विचार रखे हैं तो वह भाजपा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘यदि चीन के साथ मजबूत संबंध रखने वाला देश में कोई व्यक्ति है तो वह राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी है। वह चीनी राजदूत के साथ रात्रिभोज के लिए जाते हैं। वह हमारी सरकार के बारे में झूठी खबरें फैलाते हैं।’’
उन्होंने कहा कि यदि भारत की बैरी ताकतों को खुश करने के लिए किसी को जवाब देना है तो यह राहुल की कांग्रेस है।
चंद्रशेखर ने कहा कि मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करने और इसे कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति का पालन किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चीन से लगी सीमा का विकास नहीं करने और लड़ाकू विमान की जगह वीवीआईपी हेलीकॉप्टर खरीदने को प्राथमिकता देने में यकीन रखा।
भाजपा नेता ने कावेरी नदी का पानी तमिलनाडु को छोड़े जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्नाटक में 50 से अधिक किसानों ने आत्महत्या कर ली है और उसके 16 जिलों में सूखे जैसे स्थिति है।
उन्होंने संप्रग सरकार के दौरान हुए कथित 2जी घोटाले का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘घमंडिया सहयोगी द्रमुक के चलते उन्होंने पानी छोड़ने का फैसला किया। कांग्रेस ने अपना गठबंधन बचाने के लिए ऐसा किया। द्रमुक का इतिहास कांग्रेस पर दबाव बनाने का रहा है…।’’
भाजपा ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को घमंडिया बताते हुए अक्सर ही इसकी खिल्ली उड़ाई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और कृषि मंत्री एन चलुवरयस्वामी कृषि से जुड़े मुद्दों का हल करने के लिए बेंगलुरु से बाहर नहीं निकले हैं और उनकी यात्रा दिल्ली तक सीमित है। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार कुशासन, विकास नहीं करने और भ्रष्टाचार में लिप्त है।
भाषा सुभाष प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.