scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशराहुल के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस ने महाराष्ट्र में ईडी दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया

राहुल के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस ने महाराष्ट्र में ईडी दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया

Text Size:

मुंबई, 13 जून (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ‘नेशनल हेराल्ड-एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड’ सौदे से जुड़े कथित धन शोधन मामले में पार्टी के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को समन जारी किए जाने के खिलाफ मुंबई और राज्य के अन्य शहरों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके कारण राज्य के मंत्रियों नितिन राउत और विजय वडेट्टीवार के अलावा कई पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

राहुल गांधी ‘नेशनल हेराल्ड-एजेएल’ समझौते से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली में ईडी के समक्ष सोमवार को पेश हुए।

दक्षिण मुंबई में कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले, राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट और कांग्रेस की मुंबई इकाई के अध्यक्ष भाई जगताप ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ईडी के नोटिस भेजकर ‘‘विपक्ष को चुप कराने की कथित कोशिश’’ के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ईडी कार्यालय तक निकाले गए विरोध मार्च का नेतृत्व किया।

राज्य के लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण, चिकित्सकीय शिक्षा मंत्री अमित देशमुख, मत्स्य पालन मंत्री असलम शेख, स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ और अन्य पार्टी नेता विरोध मार्च में शामिल हुए।

पटोले ने पत्रकारों से कहा कि राहुल हों या सोनिया गांधी, नेहरू-गांधी परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण तक, देश के लिए सिर्फ योगदान ही दिया है।

पटोले ने कहा, ‘‘ईडी दफ्तर में बुलाकर इस परिवार को निशाना बनाया जा रहा है और इसकी छवि खराब की जा रही है… गांधी परिवार के साथ न सिर्फ कांग्रेसी, बल्कि आम आदमी भी खड़ा है।”

उन्होंने कहा, “हमने ईडी कार्यालय के बाहर इस दमनकारी सरकार का विरोध किया।”

नागपुर शहर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सेमिनरी हिल्स इलाके में ईडी कार्यालय तक मार्च निकाला और राहुल गांधी के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए वहां एक विशाल प्रदर्शन किया।

इस दौरान, पुलिस ने मंत्रियों नितिन राउत और विजय वड्डेटीवार के साथ कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में ले लिया, जब उन्होंने ईडी कार्यालय के परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर ईडी द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है तो वे अपना विरोध तेज करेंगे।

विदर्भ में भी कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया।

पार्टी के कुछ नेताओं ने कहा कि इस तरह का प्रदर्शन 2024 के लोकसभा चुनाव तक जारी रहेगा।

भाषा सिम्मी पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments