scorecardresearch
बुधवार, 4 जून, 2025
होमदेशकांग्रेस ने सोनिया, प्रियंका के खिलाफ भाजपा विधायक की टिप्पणी को लेकर जम्मू में प्रदर्शन किया

कांग्रेस ने सोनिया, प्रियंका के खिलाफ भाजपा विधायक की टिप्पणी को लेकर जम्मू में प्रदर्शन किया

Text Size:

जम्मू, चार जून (भाषा) कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन किया और सोनिया गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा पर टिप्पणी को लेकर पार्टी के एक नेता का पुतला फूंका।

भाजपा विधायक विक्रम रंधावा ने कैमरे पर कथित तौर पर कहा था कि दोनों नेताओं (सोनिया और प्रियंका) को ‘सिंदूर’ की कीमत नहीं पता, क्योंकि उन्होंने इसे कभी नहीं लगाया।

उन्होंने कहा था, ‘‘सोनिया ने कभी सिंदूर नहीं लगाया और अब वह लगाने योग्य भी नहीं हैं और मैं कांग्रेसियों को चुनौती देता हूं कि वे प्रियंका गांधी को कभी सिंदूर लगाते हुए दिखा दें…कांग्रेसी कभी सिंदूर बर्दाश्त नहीं कर सकते।’’

इस टिप्पणी के बाद शहर में प्रदर्शन शुरू हो गया और पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भाजपा से माफी की मांग की।

कर्रा ने रंधावा की टिप्पणी को ‘‘बेहद अपमानजनक’’ बताया और कहा कि सोनिया और प्रियंका के खिलाफ उनकी ‘‘घृणित, महिला विरोधी टिप्पणी भाजपा की जहरीली मानसिकता को उजागर करती हैं।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह हताशापूर्ण, निंदनीय व्यवहार उनके असली चेहरे को उजागर करता है। भाजपा को इस शर्मनाक रवैये के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए अन्यथा इसे उसके आधिकारिक रुख के रूप में लिया जाएगा।’’

कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने शहर में शहीदी चौक स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और रंधावा का पुतला फूंका।

कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने कहा, ‘‘रंधावा द्वारा दिये गये बेहद घृणित, जहरीले और अपमानजनक बयान न केवल हमारे नेताओं बल्कि हर महिला की गरिमा के खिलाफ हैं। भाजपा में ऐसी मानसिकता वाले लोगों का होना शर्मनाक है।’’

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments