नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने उपासना स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 को निरस्त करने के लिए राज्यसभा में एक सदस्य द्वारा निजी विधेयक पेश करने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
उपासना स्थल (विशेष प्रावधान) निरस्त विधेयक, 2022 को भाजपा सदस्य हरनाथ सिंह यादव द्वारा शुक्रवार को संसद के उच्च सदन में पेश करने के लिए सूचीबद्ध किया गया था।
अडाणी मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बाद सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया था, इसलिए यह विधेयक सदन में पेश नहीं किया जा सका।
कांग्रेस सांसद नसीर हुसैन ने विधेयक पेश किए जाने पर आपत्ति जताते हुए राज्यसभा सचिवालय को नोटिस दिया।
हुसैन ने अपने द्वारा दिए नोटिस मे कहा है कि उन्हें विधेयक पर आपत्ति है क्योंकि यह हमारे समाज के सामाजिक ताने-बाने, साझा जीवन और सदियों पुराने भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करता है।
भाषा जितेंद्र राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
