scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमदेशकांग्रेस सांसद गोहिल के रिश्तेदार ने गलती से चली गोली से पत्नी की मौत के बाद आत्महत्या की

कांग्रेस सांसद गोहिल के रिश्तेदार ने गलती से चली गोली से पत्नी की मौत के बाद आत्महत्या की

Text Size:

अहमदाबाद, 22 जनवरी (भाषा) कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के रिश्तेदार यशराजसिंह गोहिल ने अपनी रिवॉल्वर से दुर्घटनावश चली गोली से पत्नी की मौत के बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना अहमदाबाद शहर के बोडकदेव इलाके में एनआरआई टॉवर स्थित उनके घर पर बुधवार आधी रात से कुछ देर पहले घटी।

उन्होंने बताया कि दोनों की शादी दो महीने पहले ही हुई थी।

शक्तिसिंह गोहिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात से पार्टी के राज्यसभा सदस्य हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) जयेश ब्रह्मभट्ट ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच और यशराजसिंह की मां के बयान से तो पता चलता है कि गोली गलती से चली थी, जानबूझकर नहीं चलाई गई थी, लेकिन सच्चाई का पता लगाने के लिए दोनों के शवों को फोरेंसिक पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पता चला है कि यशराजसिंह गोहिल गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में अधिकारी के तौर पर काम करते थे और शक्तिसिंह गोहिल के रिश्तेदार थे।’’

गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि दंपति खुशहाल शादीशुदा जिंदगी जी रहे थे, और यह घटना तब हुई जब यशराजसिंह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर की जांच कर रहे थे।

दोशी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘गलती से उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चल गई और उनकी पत्नी राजेश्वरी की गर्दन के पास लग गई। ‘108’ एम्बुलेंस सेवा के कर्मियों ने उन्हें मृत घोषित किया, जिसके बाद यशराजसिंह ने सदमे में आकर खुद को गोली मार ली और उनकी मौत हो गई।’’

एसीपी ब्रह्मभट्ट के मुताबिक, दो महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी और वे बोडकदेव इलाके में यशराजसिंह की मां के साथ रह रहे थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘दंपति एक सामाजिक समारोह में गये थे और बुधवार रात घर लौटे। सुरक्षाकर्मी ने हमें बताया कि लौटने पर दोनों खुश लग रहे थे और सीधे अपने फ्लैट में चले गए। रात करीब 11.45 बजे, जब वे अपने बेडरूम में थे, तो गलती से यशराजसिंह की रिवॉल्वर से गोली चल गई और उनकी पत्नी को लग गई।’’

एसीपी के अनुसार गोहिल ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी, जो दूसरे बेडरूम में सो रही थीं। उन्होंने अपनी घायल पत्नी को बचाने के लिए तुरंत ‘108’ एम्बुलेंस सेवा को फोन किया।

अधिकारी के अनुसार जब एम्बुलेंस सेवा के कर्मियों ने यशराज की पत्नी को मृत घोषित कर दिया, तो वह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने अपनी मां और मेडिकल स्टाफ के सामने उसी हथियार से खुद को गोली मारकर जान दे दी।

एसीपी ने कहा, ‘‘मेडिकल स्टाफ से घटना के बारे में पता चलने पर, पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं और दोनों मृतकों के शवों को फोरेंसिक पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, जिससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि यशराजसिंह ने अपनी पत्नी को जानबूझकर गोली मारी थी या गलती से गोली लगी थी।’’

भाषा वैभव माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments