कोच्चि, सात फरवरी (भाषा) केरल की एक वित्तीय कंपनी के मालिक ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद एंटो एंटनी ने 2019 के चुनाव के लिए दो करोड़ रुपये उधार लिए थे, लेकिन अभी तक पैसा वापस नहीं किया है।
नेदुमपरम्बिल क्रेडिट सिंडिकेट (एनसीएस) के मालिक एन एम राजू ने यह आरोप लगाया है।
पथनमथिट्टा जिले के थिरुवल्ला स्थित एनसीएस कई धोखाधड़ी मामलों की जांच का सामना कर रही है। अपराध शाखा और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कंपनी के खिलाफ जांच कर रहे हैं।
राजू केरल कांग्रेस (मणि) के भी एक प्रमुख नेता थे, जो 2020 में एलडीएफ में शामिल होने से पहले यूडीएफ का हिस्सा थी।
राजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि 2019 में, जब केरल कांग्रेस (मणि) यूडीएफ का हिस्सा थी, तब एंटो ने पथनमथिट्टा से लोकसभा चुनाव लड़ा था, जबकि वर्तमान में केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीण जॉर्ज एलडीएफ की उम्मीदवार थीं।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान एंटो और उनकी पत्नी कई बार आर्थिक सहायता मांगने उनके घर आए थे।
राजू ने दावा किया, ‘‘उन्होंने (एंटो दंपति) बताया कि अपेक्षित धनराशि न मिलने के कारण उनका चुनाव प्रचार अभियान मुश्किल में पड़ गया है। चुनाव प्रचार के विभिन्न चरणों में उन्होंने हमारी कंपनी से दो करोड़ रुपये का ऋण लिया।’’
राजू ने आरोप लगाया कि एंटो ने बार-बार कहने पर अब तक केवल 20 लाख रुपये लौटाए हैं जबकि बाकी राशि वापस नहीं की है।
आरोपों का जवाब देते हुए एंटो ने पत्रकारों को बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान राजू समेत कई लोगों ने उनकी मदद की थी, क्योंकि उनके पास चुनाव प्रचार के खर्चों को पूरा करने के लिए पर्याप्त धन नहीं था।
उन्होंने बताया, ‘‘चुनाव के दो महीने बाद राजू ने मुझसे रकम लौटाने को कहा। मैंने रकम लौटा दी। लेकिन चुनाव के दौरान उन्होंने सिर्फ मेरी ही मदद नहीं की। उन्होंने मुझे माकपा के उम्मीदवारों और अपनी पार्टी के नेताओं को दी गई मदद के बारे में भी बताया है।’’
जब एंटो से पूछा गया कि क्या उन्होंने राजू से दो करोड़ रुपये उधार लिए थे, तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘मैंने वही कहा है जो मुझे पता है। मुझे उनके दावों के बारे में और कुछ नहीं पता। मैंने उनके दिए गए पैसे लौटा दिए हैं।’’
भाषा शफीक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
