गांधीनगर, 14 मार्च (भाषा) कांग्रेस विधायक डॉ. अनिल जोशियारा का कोविड-19 संक्रमण से निधन होने के कारण गुजरात विधानसभा की कार्यवाही सोमवार को दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
जोशियारा 69 वर्ष के थे और अरवल्ली जिले की भिलोदा (सुरक्षित) सीट से पांच बार विधायक रहे थे।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, जोशियारा का सोमवार दोपहर में चेन्नई के एक अस्पताल में कोविड-19 से निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जोशियारा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान उप नेता प्रतिपक्ष शैलेश परमार ने जोशियारा के निधन की जानकारी दी, जिसके बाद सभी विधायकों ने श्रद्धांजलि के तौर पर कुछ मिनट का मौन रखा। इसके बाद अध्यक्ष निमाबेन आचार्य ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “भिलोदा सीट से विधायक अनिल जोशियारा के निधन पर दुख हुआ। उन्हें एक अच्छे लोक सेवक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
जोशियारा जनवरी में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और उन्हें फेफड़ों के उन्नत उपचार के लिए एक महीने पहले अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल से तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई स्थानांतरित किया गया था।
राहुल गांधी ने सोमवार रात को ट्वीट किया, “डॉ अनिल जोशियारा के असामयिक निधन की खबर बेहद दुःखद है। वह लोकप्रिय आदिवासी नेता थे और कांग्रेस परिवार के मजबूत सदस्य थे। इस कठिन समय में मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।”
जोशियारा एक सर्जन थे, जो पहली बार 1995 में भाजपा के टिकट पर भिलोदा सीट से विधायक चुने गए थे और उन्होंने 1996 से 1997 के बीच शंकरसिंह वाघेला के नेतृत्व वाली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य किया था।
बाद में, जब वाघेला ने 1998 में अपनी राष्ट्रीय जनता पार्टी का विलय कांग्रेस में कर दिया था, उसके बाद जोशियारा कांग्रेस में शामिल हो गए थे। तब से वह कांग्रेस के टिकट पर भिलोदा से जीत रहे थे।
भाषा यश देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.