scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशकांग्रेस ने अपने शासनकाल में सीमाएं खुली छोड़ दीं, जिसके कारण असम में घुसपैठ हुई: शाह

कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सीमाएं खुली छोड़ दीं, जिसके कारण असम में घुसपैठ हुई: शाह

Text Size:

नाथनपुर (असम), 20 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में देश की सीमाएं खुली छोड़ने का शुक्रवार को आरोप लगाया, जिसके कारण असम में घुसपैठ हुई।

शाह ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने घुसपैठ की समस्या का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया है।

असम के कछार जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में अपने शासनकाल के दौरान कोई विकास कार्यक्रम शुरू नहीं किया, लेकिन ‘‘अब प्रतिदिन 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो रहा है, जो देश में सबसे अधिक है’’।

शाह ने कछार जिले से जीवंत ग्राम कार्यक्रम (वीवीपी) के दूसरे चरण की शुरुआत की, जिसमें देशभर के 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि देश के सीमावर्ती गांवों का विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्राथमिकता है और यह कार्यक्रम ‘‘इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक कदम है’’।

शाह ने कहा कि सीमावर्ती गांवों से पलायन रोकने और इन अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के माध्यम से घुसपैठ को रोकने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि वीवीपी के दूसरे चरण में 6900 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसमें देशभर के 1954 गांवों को शामिल किया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने असम के विकास को सुनिश्चित किया है और अगले पांच वर्षों में राज्य को बाढ़ मुक्त बनायेगी।’’

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments