जयपुर, पांच फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि गत कांग्रेस सरकार के दौरान उसके नेता सिर्फ अपनी सरकार बचाने के लिए दिल्ली जाते थे जबकि उनके दिल्ली दौरे जनता की सेवा और विकास कार्यों को लेकर हैं।
मुख्यमंत्री, विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा,‘‘ये (विपक्ष कांग्रेस वाले) कभी-कभी कहते हैं कि मुख्यमंत्री बार-बार दिल्ली जाते हैं…आप जाते थे, सरकार बचाने जाते थे, मैं जनता की सेवा के लिए जाता हूं । मैं दिल्ली जाता हूं तो जनता के लिए कुछ न कुछ लेकर आता हूं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) में देरी की और उसे रोक दिया था जबकि मौजूदा भाजपा सरकार ने 26,000 करोड़ रुपये का काम जमीनी स्तर पर शुरू किया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जल जीवन मिशन में कुप्रबंधन का आरोप लगाया और दावा किया कि भ्रष्टाचार के कारण एक मंत्री सहित आठ आरोपियों को जेल हुई।
वीबी-जीराम जी कानून का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि विपक्ष को तो ‘राम’ शब्द पर भी आपत्ति है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भगवान राम को काल्पनिक बताया था और इस संबंध में उच्चतम न्यायालय में हलफनामा दायर किया था।
महात्मा गांधी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि गांधीजी, भगवान राम की पूजा करते थे और ‘राम राज्य’ की कल्पना करते थे।
शर्मा ने कहा कि केवल ‘कालनेमि’ ही राम के नाम से डरता है। उन्होंने विपक्षी सदस्यों को भगवान राम का नाम जपने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर पिछली कांग्रेस सरकार की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि भर्ती और परीक्षाओं में योग्यता को नजरअंदाज किया गया।
कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए शर्मा ने कहा कि जो लोग पहले सत्ता का आनंद ले रहे थे, वे अब नैतिकता पर भाषण दे रहे हैं।
उन्होंनें कहा,‘‘आपने पहले घी पी लिया, अब आप उपदेश दे रहे हैं।’’
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
