scorecardresearch
मंगलवार, 1 जुलाई, 2025
होमदेशकांग्रेस नेता कुणाल पाटिल भाजपा में शामिल

कांग्रेस नेता कुणाल पाटिल भाजपा में शामिल

Text Size:

मुंबई, एक जुलाई (भाषा) उत्तर महाराष्ट्र में कांग्रेस को तगड़ा झटका देते हुए पूर्व विधायक कुणाल पाटिल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

कुणाल कांग्रेस के कट्टर समर्थक माने जाने वाले परिवार से ताल्लुक रखते हैं और पूर्व मंत्री दिवंगत रोहिदास पाटिल के बेटे हैं।

धुले निवासी पाटिल ने कहा कि उनका फैसला स्वैच्छिक है और इसमें जनसमर्थन शामिल है।

भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले, रविंद्र चव्हाण और गिरीश महाजन ने पार्टी में पाटिल का स्वागत किया।

उन्होंने बाद में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझ पर भाजपा में शामिल होने को लेकर कोई दबाव नहीं था। मैं जनसेवा की परंपरा (वाले परिवार) से हूं। मेरे समर्थकों और मतदाताओं ने मेरे इस फैसले का समर्थन किया है। मैं जनता की बेहतर सेवा करने के उद्देश्य से भाजपा में शामिल हो रहा हूं।’’

कुणाल पाटिल ने नवंबर 2024 में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। इससे पहले वह दो बार विधायक रह चुके हैं। पाटिल के भाजपा में शामिल होने को कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है, क्योंकि उनके परिवार का कांग्रेस के साथ तीन पीढ़ियों से गहरा राजनीतिक जुड़ाव रहा है।

वह कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व राज्य मंत्री दिवंगत रोहिदास पाटिल के बेटे हैं। रोहिदास पाटिल ने लगातार कांग्रेस सरकारों में कई महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाला था।

पाटिल परिवार की कांग्रेस में अहमियत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जब रोहिदास पाटिल पिछले साल मार्च में बीमार थे, तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद उनके निवास पर मिलने पहुंचे थे और उन्होंने रोहिदास पाटिल और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच फोन पर बातचीत भी कराई थी।

कुणाल पाटिल के दादा चूडामण पाटिल भी धुले लोकसभा सीट से 1962 से 1971 के बीच तीन बार सांसद रहे हैं।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने पाटिल के भाजपा में शामिल होने की आलोचना करते हुए इस कदम को स्वंय को नुकसान पहुंचाने वाला करार दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘पाटिल का फैसला खुद को नुकसान पहुंचाने वाला है। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की भूमिका में नहीं ला पा रही है, इसलिए वह दूसरी पार्टियों से नेताओं को चुरा रही है।कुणाल पाटिल कांग्रेस की गौरवशाली विरासत से आते हैं। उनके पिता और दादा दोनों ही कांग्रेस के प्रमुख नेता थे, जिन्होंने महत्वपूर्ण पदों पर काम किया था। इस फैसले से वे बहुत दुखी होंगे।’’

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि जो कोई भी कांग्रेस छोड़ना चाहता है, वह ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम कड़ी मेहनत करते रहेंगे और महाराष्ट्र में पार्टी को मजबूत करेंगे।’’

कुणाल पाटिल से पहले अप्रैल में पूर्व विधायक संग्राम थोप्टे भी भाजपा का दामन थाम लिया था।

भाषा

प्रीति पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments