(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि भारत कांग्रेस की वजह से एकजुट रहा है और गांधी परिवार ने पार्टी को एकजुट रखा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2029 में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना सुनिश्चित करने के लिए एक टीम के रूप में योगदान देने का आग्रह किया।
शिवकुमार ने वकील समुदाय से आग्रह किया कि वे राहुल गांधी के सुझाव के अनुसार प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में कानूनी इकाई बनाकर प्रत्येक भारतीय के मताधिकार की रक्षा में मदद करें।
कांग्रेस नेता शिवकुमार ने कहा, ‘‘कांग्रेस का इतिहास देश का इतिहास है, कांग्रेस की ताकत देश की ताकत है। गांधी परिवार ने कांग्रेस परिवार को एकजुट रखा है और कांग्रेस ने देश को एकजुट रखा है। अन्यथा हमारा देश कई टुकड़ों में बंट जाता।’’
शिवकुमार ‘संवैधानिक चुनौतियां: परिप्रेक्ष्य और रास्ते’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय विधिक सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कर्नाटक से आठ बार विधायक चुने गए शिवकुमार ने उन दिनों को याद किया जब वह तिहाड़ जेल में बंद थे और वहां से बाहर आने में वकीलों की भूमिका की सराहना की।
उन्होंने सोनिया गांधी को तिहाड़ जेल में उनसे मिलने के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख बनाने के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया।
शिवकुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘यह केवल एक राजनीतिक एजेंडा नहीं है, हम सभी को एक साथ आना होगा। एक साथ आना शुरुआत है और आप सभी का एक साथ मिलकर काम करना प्रगति है। आप सभी को एक साथ काम करना होगा और 2029 में आपको फिर से देश को उस स्थिति में लाना होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने बहुत प्रतिबद्धता के साथ इस देश को बचाया है। आप सभी के पास एक उचित एजेंडा होना चाहिए और 2029 में आप देखेंगे कि जब राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। यही आपकी प्रतिबद्धता होनी चाहिए।’’
उन्होंने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने के लिए सोनिया गांधी द्वारा किए गए ‘‘त्याग’’ की भी सराहना की।
शिवकुमार ने कहा कि सम्मेलन में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का संदेश स्पष्ट था कि जब ‘हमारा संविधान और हमारा वोट देने का अधिकार’ बड़े खतरे में है, तो लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले सभी वकीलों को प्रत्येक मतदाता के अधिकार की रक्षा और बचाव के लिए प्रत्येक विधानसभा और जिले में एक कानूनी इकाई बनानी होगी।
उन्होंने कर्नाटक के एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूचियों में कथित विसंगतियों के बारे में जानकारी देने संबंधी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम के विवरण के बारे में कहा, ‘‘पांच अगस्त को कर्नाटक के ‘फ्रीडम पार्क’ में वह अपनी आवाज उठायेंगे।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.