नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेतृत्व केरल विधानसभा चुनाव में सांसदों को मैदान में उतारने को लेकर असमंजस में है, जिसके चलते पार्टी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने में देरी हो रही है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
समझा जाता है कि कांग्रेस ने कन्नूर से सांसद के. सुधाकरन को मनाने के लिए प्रयास किए, जो केरल में चुनाव लड़ने के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) द्वारा अपना नाम स्वीकृत नहीं किए जाने से नाराज हैं।
सूत्रों ने बताया कि सुधाकरन बृहस्पतिवार को दिल्ली स्थित केरल भवन में मीडिया को संबोधित करने वाले थे और कुछ निर्णयों की घोषणा करने वाले थे, लेकिन पूर्व रक्षा मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता ए. के. एंटनी सहित शीर्ष नेताओं के हस्तक्षेप के बाद उन्हें मनाया गया।
सूत्रों ने बताया कि पार्टी द्वारा अपना नाम स्वीकृत नहीं किए जाने के बाद, सुधाकरन ने कथित तौर पर टेलीफोन पर के. सी. वेणुगोपाल और कुछ अन्य नेताओं को पार्टी की ‘अलविदा’ तक कह दिया।
सुधाकरन ने अंततः मीडिया को संबोधित नहीं किया और सूत्रों ने बताया कि उन्हें वरिष्ठ नेताओं द्वारा कुछ आश्वासन दिए गए हैं।
सीईसी ने विधानसभा चुनावों में सांसदों को मैदान में उतारने के बारे में फैसला कांग्रेस आलाकमान पर छोड़ दिया है। यदि अनुमति दी जाती है, तो इससे लोकसभा उपचुनाव होंगे और कांग्रेस नेतृत्व संसद के निचले सदन में कोई भी सीट खोना नहीं चाहता।
केरल में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने राज्य में सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ने की अनुमति देने के किसी भी कदम का कड़ा विरोध किया है।
सूत्रों के अनुसार केरल के अनुभवी नेता सुधाकरन कन्नूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, लेकिन पार्टी ने अभी तक इस मामले में कोई निर्णय नहीं लिया है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि सांसद अडूर प्रकाश सहित कम से कम पांच सांसद विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक के. सुरेश के साथ ही दो अन्य सांसद शफी परम्बिल और एम.के. राघवन भी चुनावों में अपनी किस्मत आजमाने की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक इस बारे में चुप्पी साध रखी है। सूत्रों के अनुसार, वे पार्टी के फैसले का पालन करेंगे।
सूत्रों के अनुसार केरल में पार्टी के सत्ता में आने पर कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की भी राज्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने में रुचि हो सकती है, लेकिन उन्होंने अभी तक इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
कांग्रेस ने केरल के लिए अपने 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। वह राज्य में 92 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
केरल विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है। मतदान नौ अप्रैल को मतगणना चार मई को होगी।
भाषा अविनाश रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
