हैदराबाद, 11 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने बुधवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार राजनीतिक विरोधियों को धमकियां देकर नगर निकाय चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है।
रेड्डी ने नारायणपेट जिले के मक्तल कस्बे में पार्षद पद के लिए भाजपा उम्मीदवार रहे ई. महादेवप्पा के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। महादेवप्पा ने 10 फरवरी को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। भाजपा ने इस घटना के लिए सत्तारूढ़ कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।
रेड्डी ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें मृतक के परिवार से मिलने और उन्हें सांत्वना देने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने मंगलवार को संसद में महादेवप्पा की मौत का मुद्दा उठाया और तेलुगु में बात की। मोदी ने उनसे तेलुगु में बोलने का कारण पूछा और उन्होंने प्रधानमंत्री को घटना के बारे में बताया।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘…कांग्रेस मुख्यमंत्री के दौरे के बाद सरकार के प्रति जनता की निराशा को छिपाने की कोशिश कर रही है। बुधवार को होने वाले नगर निकाय चुनावों में धमकियों के जरिए जीत हासिल करने का प्रयास पूरे तेलंगाना में हो रहा है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ‘‘प्रधानमंत्री से लेकर महादेवप्पा तक’’ भाजपा के नेताओं को धमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा उम्मीदवार की कथित आत्महत्या की निंदा की।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, रेड्डी ने महादेवप्पा के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 10 लाख रुपये का चेक सौंपा और उन्हें समर्थन देने का आश्वासन दिया।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा ‘‘उत्पीड़न और धमकी’’ के कारण अनुसूचित जनजाति (एसटी) से संबंधित उम्मीदवार को यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वहीं, इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने कहा कि भाजपा नेता सत्तारूढ़ दल को दोषी ठहराकर इस घटना से राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
