नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने अपनी महाराष्ट्र इकाई के नेताओं के बीच कथित खींचतान की पृष्ठभूमि में ताजा राजनीतिक हालात का जायजा लेने की जिम्मेदारी अपने वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को सौंपी है।
पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चेन्निथला से कहा है कि वह पूरी स्थिति का जायजा लें और इस बारे में तत्काल रिपोर्ट करें।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस आलाकमान ने चेन्निथाला के रूप में एक ‘तटस्थ और वरिष्ठ नेता’ को महाराष्ट्र में भेजा है ताकि संकट को आसानी से सुलझाया जा सके। चेन्निथला का संबंध केरल से है।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नाना पटोले की कार्यशैली की आलोचना करने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोराट ने पिछले दिनों कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के पद से इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी एच. के. पाटिल ने कहा था कि विधायक दल के नेता के रूप में बालासाहेब थोराट का इस्तीफा स्वीकार करने का कोई सवाल ही नहीं है और सभी गलतफहमियों को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया जाएगा।
इससे पहले, नासिक डिवीजन स्नातक सीट के लिए कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार सुधीर तांबे ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था और अपने बेटे सत्यजीत तांबे को निर्दलीय के रूप में मैदान में उतारा था, जिन्होंने जीत हासिल की थी।
अपनी जीत के बाद, सत्यजीत तांबे ने पटोले पर उनके परिवार को बदनाम करने और एमएलसी चुनाव लड़ने के अवसर से वंचित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
भाषा हक हक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
