scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशरांची के महापौर पद के लिए कांग्रेस समर्थित रमा खलको ने नामांकन दाखिल किया

रांची के महापौर पद के लिए कांग्रेस समर्थित रमा खलको ने नामांकन दाखिल किया

Text Size:

रांची, तीन फरवरी (भाषा) कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलको ने मंगलवार को रांची नगर निगम (आरएमसी) में महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

तेइस फरवरी को 48 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के चुनाव होने वाले हैं और मतों की गिनती 27 फरवरी को होगी।

झारखंड में शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े जाते हैं, हालांकि उम्मीदवारों को दलों का समर्थन प्राप्त होता है।

रांची में कांग्रेस पार्टी ने खलको को अपना समर्थन देने की घोषणा की है, जबकि भाजपा ने आरएमसी में महापौर पद के लिए पूर्व वार्ड पार्षद रोशनी खलको का समर्थन किया है। जेएमएम ने अभी तक इस बात की घोषणा नहीं की है कि वह किस उम्मीदवार को समर्थन देने वाला है।

एक अधिकारी ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू हो गई है और इसकी अंतिम तिथि चार फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच पांच फरवरी को की जाएगी।

झारखंड कांग्रेस महिला शाखा की अध्यक्ष रमा खलको जब रांची के जिलाधिकारी कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करने गईं, तो उनके साथ राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।

रमा खलको ने कहा, ‘अगर मैं महापौर चुनी जाती हूं, तो मैं रांची के विकास के लिए पूरी लगन से काम करूंगी।’

पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर सकती हैं।

इसी बीच, झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments