scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशकांग्रेस ने बीएमसी में भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक विफलता का लगाया आरोप, आरोपपत्र जारी किया

कांग्रेस ने बीएमसी में भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक विफलता का लगाया आरोप, आरोपपत्र जारी किया

Text Size:

मुंबई, 26 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस की मुंबई इकाई ने शुक्रवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के खिलाफ एक ‘आरोपपत्र’ प्रकाशित किया तथा उसके कामकाज में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलता और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया।

मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि एशिया के सबसे बड़े नगर निकाय बीएमसी में तीन साल से अधिक समय से निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं हैं तथा वह शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में विफल रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘‘आरोपपत्र’’ में निर्माण कार्यों, निविदा प्रक्रियाओं और सार्वजनिक धन के व्यय में कथित अनियमितताओं को उजागर किया गया है।

पूर्व मंत्री गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि प्रमुख नागरिक विभाग उचित पर्यवेक्षण के बिना काम कर रहे हैं, जिसके कारण सार्वजनिक कार्यों में देरी हो रही है, बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता खराब है और नागरिकों को कठिनाई हो रही है।

उन्होंने नागरिक प्रशासन पर कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को तरजीह देने और आवश्यक सेवाओं के लिए आवंटित धन का कुप्रबंधन करने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस ने 13 बिंदुओं को सूचीबद्ध करते हुए बीएमसी को ‘भ्रष्ट महायुति निगम’ करार दिया है तथा खराब जल आपूर्ति, सार्वजनिक परिवहन और यातायात की समस्याओं को उजागर किया है।

गायकवाड़ ने कहा कि उनकी पार्टी विकास के मुद्दे पर बीएमसी का चुनाव लड़ेगी।

महाराष्ट्र में मुंबई समेत 29 नगर निगमों के लिए बहुप्रतीक्षित चुनाव 15 जनवरी को होंगे और वोटों की गिनती 16 जनवरी को होगी।

ये चुनाव 2022 के आरंभ से लंबित हैं।

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments