श्रीनगर, 20 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में पिछले हफ्ते आतंकवादियों की गोलीबारी में घायल हुए पर्यटक दंपति की हालत में सुधार देखा गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने कहा, ‘तबरेज खान और उनकी पत्नी फराह का सेना के 92 बेस अस्पताल में इलाज चल रहा है। वे दोनों स्थिर हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।’
अधिकारी ने बताया कि फराह को कंधे में गोली लगी, जबकि तबरेज को अधिक गंभीर चोट आईं क्योंकि एक गोली उसके चेहरे पर लगी थी।
यह घटना शनिवार रात को हुई जब एक दंपति अपने दो बच्चों के साथ पहलगाम के यान्नेर में रात का खाना खाने के लिए वाहन से उतर रहे थे। यह परिवार राजस्थान का रहने वाला है और यह उनकी कश्मीर की पहली यात्रा थी।
मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की जिसमें वे घायल हो गए।
तबरेज के पिता असलम खान ने जयपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘वे (दंपति) दिन में पहलगाम गए थे और रात के खाने के लिए एक होटल जा रहे थे। वे वाहन से उतरने के बाद रात के खाने के लिए एक होटल के अंदर जा रहे थे। बाइक पर सवार दो लोग आए और गोली चला दी। फरहा को कंधे पर गोली लगी। उनके दो बच्चे भी उनके साथ थे।”
भाषा शुभम वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.