scorecardresearch
Sunday, 18 January, 2026
होमदेशउत्तर भारत में शीत लहर: कश्मीर में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट, हिमाचल में हल्का हिमपात

उत्तर भारत में शीत लहर: कश्मीर में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट, हिमाचल में हल्का हिमपात

Text Size:

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 18 जनवरी (भाषा) देश के उत्तरी हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बरकरार है, जिसके चलते रविवार को कश्मीर में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई और पंजाब के अमृतसर में पारा 1.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण कई वाहनों की टक्कर में एक ट्रक चालक सहित दो लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना के कारण लंबा जाम लग गया और एक्सप्रेसवे पर यातायात बुरी तरह बाधित हो गया।

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रविवार सुबह घने कोहरे के बीच दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कम से कम 20 वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 24 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर का सोनमर्ग घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में (विशेष रूप से घाटी के ऊपरी इलाकों में) बारिश होने का अनुमान जताया है।

दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों में छिटपुट स्थानों पर हल्का हिमपात हुआ। शिमला मौसम कार्यालय ने बताया कि लाहौल और स्पीति जिले के कोक्सर और हंसा गांवों में हल्का हिमपात हुआ, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

हमीरपुर, ऊना और मंडी में भी शीतलहर की स्थिति बनी रही, जहां तापमान क्रमशः 2.1, 2.7 और 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की कि हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में 20 जनवरी तक हल्का हिमपात जारी रहेगा, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

अमृतसर, जो पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा, वहां न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राज्य के कुछ हिस्सों और पड़ोसी हरियाणा में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।

होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम यानी 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब के पटियाला और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री सेल्सियस और बठिंडा में सात डिग्री सेल्सियस रहा।

रविवार सुबह दिल्ली घने कोहरे की चपेट में रही और न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 2.3 डिग्री कम यानी 5.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर को ‘येलो अलर्ट’ के तहत रखा है, जिसमें दोपहर तक कई अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस, पालम में आठ डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 7.2 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं रोहतक में न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस हो गया।

मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जहां 11 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया है।

विभाग के मुताबिक, राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, उसके बाद खूंटी में 3.9 डिग्री सेल्सियस और पलामू में 4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में बताया कि झारखंड की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 8.2 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भाषा शुभम पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments