पत्तनमथिट्ठा(केरल), 24 अप्रैल (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के एक हेलीकॉप्टर के शबरिमला स्थित भगवान अय्यप्पा मंदिर के निकट और कम ऊंचाई पर उड़ने भरने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हालांकि, आईसीजी ने घटना के लिए ‘‘खराब मौसम’’ को जिम्मेदार ठहराया है।
हेलीकॉप्टर ने बृहस्पतिवार को पहाड़ी मंदिर के ऊपर से उड़ान भरी, जिस कारण जांच शुरू की गई। उड़ान से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शबरिमला के विशेष आयुक्त द्वारा जांच का आदेश दिए जाने के बाद जांच शुरू की गई।
पम्पा पुलिस ने केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118 (ई) के तहत एक मामला दर्ज किया है। हालांकि, प्राथमिकी में किसी को भी आरोपी के रूप में नामजद नहीं किया गया।
अधिनियम की यह धारा लोगों को खतरा पैदा करने वाला कोई कृत्य जानबूझकर करने या जन सुरक्षा में विफलता से संबंधित है।
प्राथमिकी के अनुसार, हेलीकॉप्टर सीजी 821 ने राज्य सरकार द्वारा विशेष सुरक्षा क्षेत्र घोषित शबरिमला सन्निधानम के निकट बिना अनुमति के कम ऊंचाई पर उड़ान भरी, जिससे जन सुरक्षा प्रभावित हुई और अवसंरचना को संभावित खतरा पैदा हुआ।
प्राथमिकी में कहा गया है कि हेलीकॉप्टर दोपहर में भगवान अयप्पा मंदिर के निकट से चार बार कम ऊंचाई से गुजरा।
शुक्रवार को जारी एक बयान में आईसीजी ने कहा कि उसका हेलीकॉप्टर सीजी 821 कोच्चि से दक्षिण में 60-80 समुद्री मील दूर एक क्षेत्र के लिए नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था और लगभग 6,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
बयान में कहा गया, ‘‘दोपहर लगभग 1.15 बजे, क्षेत्र में घने बादलों और खराब मौसम के कारण, हेलीकॉप्टर अपने निर्धारित मार्ग से भटक गया और पम्बा की पहाड़ियों के ऊपर से उड़ने लगा।’’
आईसीजी सूत्रों ने बताया कि मौसम में सुधार होने पर हेलीकॉप्टर सुरक्षित रूप से कोच्चि स्थित अपने अड्डे पर लौट आया।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.