scorecardresearch
Monday, 7 October, 2024
होमदेशमध्य प्रदेश के रायसेन में दो गुटों में संघर्ष, गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत

मध्य प्रदेश के रायसेन में दो गुटों में संघर्ष, गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत

Text Size:

रायसेन (मध्य प्रदेश), 19 मार्च (भाषा) जिले में दो गुटों के बीच हुए संघर्ष में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि कुछ अन्य घायल हो गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उक्त घटना जिला मुख्यालय से लगभग 115 किलोमीटर दूर खमरिया पौड़ी गांव में हुई। उन्होंने बताया कि दो गुटों के बीच संघर्ष में दोनों ओर के लोगों ने लाठियां भांजी, पथराव किया, आगजनी की और गोलीबारी भी की। हिंसा में दो दुकानें और तीन दोपहिया वाहन जल गए हैं।

सिलवानी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) पी. एन. गोयल ने फोन पर बताया कि गोली लगने से 25-26 साल के एक शख्स की शनिवार सुबह मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायलों को रायसेन के जिला चिकित्सालय और भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि एक समुदाय के एक व्यक्ति ने बहस के दौरान दूसरे समुदाय के एक लड़के को थप्पड़ मार दिया, जिसे लेकर हिंसा शुरु हो गई। इस सिलसिले में अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एसडीओपी ने कहा, ‘‘हमने 12 बोर की दो राइफलें और हिंसा से संबंधित वाहन बरामद किए हैं। दोनों समूहों में एक दूसरे पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है।’’

अधिकारी ने कहा कि इलाके में धारा 144 लागू की गई है। होशंगाबाद और सागर सहित चार जिलों के पुलिसकर्मियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के हमीदिया अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।

भाषा सं दिमो अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments